— दिनदहाड़े वारदात: नयाशहर थाना क्षेत्र के सीताराम गेट और विश्वकर्मा गेट के पास रामदेव मंदिर से लौट रही एक बुजुर्ग महिला को तंत्र-मंत्र और ज्योतिष का झांसा देकर सोने की चेन लूट ली गई।
— वारदात का तरीका: खुद को हरिद्वार का पंडित बताने वाले दो अज्ञात युवकों ने महिला को उनके बेटे की मौत का भय दिखाया और आंखें बंद कर जाप करने को कहते हुए गले की चेन उतरवा ली।
— पुलिस जांच शुरू: सूचना मिलने पर नयाशहर थाने के एसआई हंसराज और कांस्टेबल मनोज मौके पर पहुंचे, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
बीकानेर: शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर ठगी व लूटपाट करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद से इलाके के बुजुर्गों और महिलाओं में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मंदिर से लौट रही महिला को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जस्सूसर गेट बाहर निवासी पार्वती स्वामी विश्वकर्मा गेट के सामने स्थित रामदेव मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। जब वे पारीक अस्पताल के सामने पहुंचीं, तो रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
युवकों ने खुद को हरिद्वार का प्रतिष्ठित पंडित बताते हुए महिला से ज्योतिष और तंत्र-मंत्र की बातें करना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने डरावना झांसा देते हुए महिला से कहा कि उनका समय बहुत खराब चल रहा है और आज ही उनके छोटे बेटे की जान को खतरा है या उसकी मौत हो सकती है। इस बात से घबराई महिला मानसिक रूप से उनके प्रभाव में आ गई।
मंत्र जाप और चेन ले उड़ने का खेल
ठगों ने योजना के तहत महिला को पीछे जाकर 11 पत्थर लाने को कहा। जब महिला पत्थर लेकर वापस लौटी, तो एक युवक ने उन्हें आंखें बंद करके ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करने का निर्देश दिया। महिला जैसे ही जाप करने में मग्न हुई, चालाक युवकों ने उनसे गले में पहनी सोने की चेन उतारकर हाथ में देने को कहा।
महिला ने डर के मारे चेन उतारकर उन्हें सौंप दी, और मौका पाते ही एक युवक चेन लेकर वहां से फरार हो गया। जब महिला की आंख खुली और उसने युवकों को गायब पाया, तो उनके होश उड़ गए।
परिजनों की सूचना पर पुलिस सक्रिय
घर पहुंचकर बुजुर्ग महिला ने आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर नयाशहर थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसआई हंसराज और कांस्टेबल मनोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीताराम गेट तथा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक फुटेज में संदिग्ध युवक स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों ठगों की तलाश में जुटी है।

0 Comments