— चोरी की वारदात का पर्दाफाश: गंगाशहर थाना क्षेत्र के चोपड़ा बाड़ी स्थित एक मकान का ताला और कुंडे तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया है।
— आरोपियों की गिरफ्तारी: पुलिस ने इस मामले में भीनासर निवासी अनिल (37) पुत्र आसुराम ब्राह्मण और जगदीश (29) पुत्र कानीराम लखेसर को गिरफ्तार किया है।
— लाखों के आभूषण और नकदी चोरी: आरोपियों ने घर से 30 ग्राम का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद और घड़ियां चुराई थीं।
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के चोपड़ा बाड़ी में मकान का गेट और कुंडे तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी किया था।
मामले में पुलिस ने अनिल पुत्र आसुराम ब्राह्मण (37), निवासी भीनासर, गंगाशहर और जगदीश पुत्र कानीराम लखेसर (29), निवासी भीनासर, गंगाशहर को गिरफ्तार किया है।
पड़ोसी के फोन से हुई थी चोरी की जानकारी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिरामजी मंदिर के पीछे चोपड़ा बाड़ी निवासी रिखबचंद ने 18 जून को गंगाशहर थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया था। परिवादी ने बताया था कि वह 2 जून को अपने परिवार के साथ ससुराल गया हुआ था। इसके बाद 16 जून को पड़ोसी ने फोन कर उनके घर में चोरी होने की सूचना दी। जब वे 17 जून को घर पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
परिवादी ने पुलिस को बताया था कि अलमारी और दराज से करीब 30 ग्राम का मंगलसूत्र, 3-3 ग्राम की चार सोने की अंगूठियां, चांदी की चार जोड़ी पायल, बिछुड़ियां, कड़ा, ब्रेसलेट और चांदी की अंगूठी सहित करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद और घड़ियां चोरी हुई थीं।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर BNS की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए सामान की बरामदगी और वारदात में अन्य किसी की भूमिका की जांच कर रही है।

0 Comments