Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर से नाथद्वारा जा रही बस में बड़ा हादसा: वॉशरूम जाते समय चलती बस से नीचे गिरने पर यात्री की मौत

India-1stNews



​— दर्दनाक सड़क हादसा: बीकानेर से नाथद्वारा जा रही एक ट्रेवल बस के खुले गेट से नीचे गिरने के कारण बीकानेर के वल्लभ गार्डन निवासी 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई.

— वॉशरूम जाते समय हुआ हादसा: यह घटना जोधपुर कमिश्नरेट के करवड़ थाना क्षेत्र में हुई, जहां युवक चलती बस में वॉशरूम की तरफ जाते समय अचानक खुले मुख्य गेट से सड़क पर आ गिरा.

— पुलिस कार्रवाई: मृतक के पिता पुरुषोत्तम माधवानी की रिपोर्ट पर करवड़ थाना पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

​बीकानेर/जोधपुर: बीकानेर से नाथद्वारा जा रही एक स्लीपर/ट्रेवल बस में सफर कर रहे यात्री के साथ एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। बस के आगे का मुख्य गेट खुला होने के कारण एक युवक चलती बस से नीचे सड़क पर आ गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.

​बीकानेर से रवाना हुई थी मिलन ट्रैवल्स की बस

​करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान बीकानेर के वल्लभ गार्डन निवासी कृष्ण पी. माधवानी (32) के रूप में हुई है.

​मृतक के पिता पुरुषोत्तम माधवानी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, वे और उनका बेटा कृष्ण 12 अक्टूबर की रात बीकानेर से नाथद्वारा जाने के लिए मिलन ट्रैवल एजेंसी की बस (संख्या AR 11 C 9200) में सवार हुए थे। यह बस रात करीब 9 बजे बीकानेर से रवाना हुई थी, और सफर के दौरान युवक बस में अपनी दो नंबर सीट पर सोया हुआ था.

​खुले गेट से नीचे गिरा युवक

​रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच जब बस जोधपुर में आईआईटी गेट नंबर 02 के पास पहुँची, तब कृष्ण बस में बने वॉशरूम की तरफ जा रहा था.

​इसी दौरान बस का आगे का मुख्य गेट खुला हुआ था और वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ने से वह सीधे चलती बस से नीचे सड़क पर जा गिरा. सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के बाद पिता व अन्य लोग तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

​पुलिस ने दर्ज किया मामला

​घटना की सूचना मिलने पर करवड़ थाना पुलिस तुरंत जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल (MGH) की मॉच्युरी पहुँची, जहाँ परिजनों के बयान दर्ज कर शव को सुरक्षित रखवाया गया. पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement