— ट्रेन की चपेट में मौत: बीकानेर के जोड़बीड मार्ग पर बुधवार रात ट्रेन की चपेट में आने से जेल रोड निवासी कमल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद सनसनी फैल गई।
— परिजनों का हत्या का आरोप: मृतक के परिजनों ने दुर्घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के आगे धरना लगा दिया है।
— पुलिस और सेवाभावी संस्थाएं सक्रिय: सूचना मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया, वहीं जेएनवी पाॅस थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
बीकानेर: शहर के जोड़बीड मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, मामला उस समय गंभीर हो गया जब परिजनों ने इसे हादसा मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों व समाज के लोगों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के आगे धरना शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब आठ बजे सूचना मिली कि जोड़बीड मार्ग पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के स्वयंसेवक सोएब भाई, मोहम्मद जुनैद खान, इमरान, भैरू पड़िहार, आसुराम और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से शव को उदयरामसर रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। इसके बाद जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पैसे के लेन-देन और घर से लापता होने का मामला
मृतक की पहचान जेल रोड, बीकानेर निवासी कमल कुमार पुत्र हरि प्रकाश सोनी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि कमल का किसी के साथ रुपयों के लेन-देन का विवाद चल रहा था और पिछले तीन-चार दिनों से कुछ लोग उनके घर के चक्कर भी काट रहे थे। बुधवार सुबह से कमल घर से निकले थे और रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब परिचितों के यहां तलाश की और पुलिस से सूचना मिलने पर मोर्चरी पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि कमल की हत्या कर शव को पटरी पर फेंका गया है। इसी मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने धरना लगा दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।



0 Comments