— आत्महत्या के दुष्प्रेरण का मामला: पांचू थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और प्रताड़ित करने के कारण विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
— ब्लैकमेलिंग से परेशान थी मृतका: परिवादी की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महेंद्र और चंदूराम मृतका को लगातार परेशान करते थे और धमकी देते थे कि उसके पास अश्लील फोटो-वीडियो हैं, इसलिए वह यह शादी न करे. इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर विवाजीता ने ससुराल (गांव पिथरासर) में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
— मुख्य आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मामले में अनुसंधान करते हुए धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी महेन्द्र कच्छावा (निवासी सोयला, जोधपुर) को गिरफ्तार कर लिया है.
बीकानेर: जिले के पांचू थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के चर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को दबोच लिया है. बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा और नोखा वृत्त उप अधीक्षक जरनैल सिंह के निर्देशन तथा पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है.
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, परिवादी ने बताया कि उसकी भतीजी का विवाह 8 मार्च 2026 को हुआ था, जिसके बाद वह अपने ससुराल गांव पिथरासर आने-जाने लगी. आरोप है कि आरोपी महेंद्र और चंदूराम मृतका के मोबाइल नंबरों पर फोन करके तथा व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम व फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पिछले एक साल से उसे बार-बार ब्लैकमेल कर रहे थे.
आरोपी उसके पास अश्लील फोटो और वीडियो होने की बात कहकर वायरल करने की धमकी देते थे और कहते थे कि "मेरा कहना मान लो और यह शादी मत करो". इन लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर मृतका ने अपने ससुराल पिथरासर में कमरे के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. इस संबंध में थाना पांचू में प्रकरण संख्या 142/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया. पुलिस ने धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है:
- गिरफ्तार आरोपी: महेन्द्र कच्छावा पुत्र बुधाराम (उम्र 22 वर्ष), जाति- माली, निवासी- मालियों का बास, सोयला, पुलिस थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर.
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़, सहायक उपनिरीक्षक संतोषनाथ, सउनि पप्पुलाल, सउनि उम्मेद और हैडकांस्टेबल अन्नाराम शामिल रहे. पुलिस द्वारा मामले में आगे की गहनता से जांच और अनुसंधान जारी है.

0 Comments