— घटना का विवरण: बीकानेर के धर्मनगर द्वार के पास रहने वाले एक सर्राफा व्यवसायी को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने जयपुर से दो संदिग्धों को दबोच लिया है।
— जयपुर से गिरफ्तारी: नयाशहर थाना पुलिस ने आदतन अपराधी विष्णु साध और मनीष लांबा के फ्लैट पर दबिश देकर उन्हें जयपुर से हिरासत में लिया है और बीकानेर लाकर गुप्त रूप से पूछताछ की जा रही है।
— वीरेन्द्र चारण ने दी थी धमकी: सर्राफा व्यवसायी को विदेशी व्हाट्सएप नंबर (+351 925 295 001) से वॉयस कॉल और मैसेज भेजकर 27 सितंबर, 2026 की शाम 5 बजे तक फिरौती न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई थी।
बीकानेर पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए लाई; विष्णु साध पर पहले भी फिरौती मांगने का आरोप, कारोबारी को व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज से दी गई थी धमकी
बीकानेर। शहर में सर्राफा व्यवसायी से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने जयपुर से दो संदिग्धों को पकड़ा है। दोनों को बीकानेर लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इनके गैंगस्टर रोहित गोदारा से संपर्क हो सकते हैं और ये फिरौती प्रकरण से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जयपुर के फ्लैट से पकड़ा गया विष्णु साध
धर्मनगर द्वार के बाहर रहने वाले एक सर्राफा व्यवसायी को रोहित गोदारा के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए मांगे गए थे। नयाशहर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गैंगस्टर से संपर्क रखने वाले लोगों की गतिविधियों व लोकेशन खंगाली।
जांच के दौरान विष्णु साध के जयपुर में होने की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने उसे एक फ्लैट से पकड़ा। यह फ्लैट बीकानेर निवासी मनीष लांबा का बताया जा रहा है। विष्णु के वहां मिलने के बाद पुलिस को मनीष पर भी संदेह हुआ। इसके बाद दोनों को बीकानेर लाकर पूछताछ की जा रही है।
विष्णु साध पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पिछले वर्ष नयाशहर थाना क्षेत्र में डॉ. श्याम अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देकर 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था।
व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज से दी थी धमकी
मामले में सामने आया है कि सर्राफा व्यवसायी को 26 सितंबर 2026 की शाम 4:52 बजे विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल किया गया था। इसके बाद शाम 4:55 बजे करीब 57 सेकंड का वॉइस मैसेज भेजा गया। धमकी में 27 सितंबर की शाम 5 बजे तक 5 करोड़ रुपए देने की मांग की गई थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के करीबी बताए जाने वाले वीरेन्द्र चारण का नाम भी सामने आया है। पुलिस इस पहलू सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय संपर्कों की भूमिका की भी आशंका
जांच में पुलिस इस संभावना को भी देख रही है कि स्थानीय स्तर पर कारोबारियों की जानकारी जुटाकर गैंगस्टरों तक पहुंचाई जा रही हो। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है। उनकी भूमिका और गैंगस्टर से कथित संपर्कों को लेकर स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

0 Comments