Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में पीएम मोदी का रोड शो आज, जूनागढ़ से शुरू होकर गोकुल सर्किल पहुंचेंगे, 7 घँटे तक रूट रहेगा डायवर्ट

India-1stNews




पीएम मोदी का रोड शो आज, जूनागढ़ से शुरू होकर गोकुल सर्किल पहुंचेंगे, 7 घँटे तक रूट रहेगा डायवर्ट

पूर्व से पश्चिम तक जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बीकानेर में चार किलोमीटर लम्बा रोड शो करेंगे। विशेष विमान से प्रधानमंत्री शाम 5 बजे नाल सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से जूनागढ़ पहुंचेंगे और खुले वाहन पर सवार होकर रोड शो करेंगे। पीएम का काफिला शहर की दोनों विधानसभा सीट के मतदाताओं को साधेगा। गोकुल सर्किल पहुंचकर रोड शो का समापन होगा। यहां से प्रधानमंत्री का काफिला रामदेव पार्क के आगे से होकर मुरलीधर मार्ग से सीधा नाल की तरफ निकल जाएगा।


प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर रविवार को एसपीजी और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए रोड शो के मार्ग पर रिहर्सल की। इस मार्ग के 1100 मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों की सूची बनाकर उनमें निवास करने वाले को घरों व छतों पर किसी बाहरी को खड़ा नहीं रहने देने के लिए पाबंद किया। करीब तीन सौ भवनों पर चिह्नित कर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। पहले प्रशासन ने रोड के लिए जूनागढ़ से एमएम ग्राउंड तक साढ़े तीन किलोमीटर की अनुमति दी थी। परन्तु भाजपा की ओर से इसे बढ़ाकर चार किलोमीटर करते हुए गोकुल सर्किल तक करने का आग्रह किया। जिसे प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है। अब रोड शो शाम 5 बजे जूनागढ़ से शुरू होगा और गोकुल सर्किल तक एक घंटे में सम्पन्न होगा।

सातों प्रत्याशी रहेंगे साथ, नहीं होगी सभा

भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी अरूण सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के बीकानेर दौरे को लेकर संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो जूनागढ़ से शुरू होगा। सार्दुलसिंह सर्किल, रतनबिहारी पार्क, मुख्य डाकघर, रोशनीघर चौराहा, चौखुटी पुल, जस्सूसर गेट, एमएम ग्राउंड से होकर गोकुल सर्किल पहुंचेगा। बीकानेर की सातों सीटों के भाजपा प्रत्याशी भी रोड शो में मोदी के साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी केवल रोड शो करेंगे, कहीं भी सभा नहीं होगी।

सड़क के एक तरफ खड़े रहकर देख सकेंगे

रोड शो देखने के लिए आमजन के लिए बेरिकेडिंग कर व्यवस्था की गई है। सिंगल रोड वाली जगह पर सड़क के एक तरफ बेरिकेडिंग कर लोगों को खड़े रहकर प्रधानमंत्री को देखने की व्यवस्था की गई है। वहीं जस्सूसर गेट से लेकर चौखुंटी पुल तक डिवाइडर मार्ग होने से यहां एक तरफ लोग खड़े रहकर देख सकेंगे। जबकि दूसरी तरफ से पीएम का वाहन गुजरेगा।

सियासी सोच: दोनों सीटों के साथ जिला भी कवर हो

पीएम का रोड शो बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जूनागढ़ के आगे से शुरू होगा। चौखुंटी पुलिया तक का क्षेत्र इसी विधानसभा क्षेत्र में है। रेलवे लाइन पार करने से लेकर गोकुल सर्किल तक का एरिया बीकानेर पश्चिम विधानसभा में आता है। जहां से भाजपा ने इस बार हिंदूवादी चेहरे जेठानंद व्यास को कांग्रेस के केबिनेट मंत्री बी.डी. कल्ला के सामने उतार नया प्रयोग किया है। वहीं पूर्व से चौथी बार सिदि्ध कुमारी मैदान में है। बीकानेर की सातों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों को भी रोड शो में साथ रखा जाएगा। ताकि पूरा जिला कवर हाे सके।

अलर्ट: ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग चुनें
रोड शो के चलते शहर के कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित होगा। सोमवार शाम 5 से 6 बजे के बीच नाल एयरपोर्ट से लेकर उरमूल सर्किल होकर जूनागढ़ तक के मार्ग पर प्रधानमंत्री के काफिले को निकालने के लिए आमजन के लिए आवागमन बंद रखा जाएगा। इसी तरह जूनागढ़ से जस्सूसर गेट होकर गोकुल सर्किल तक के मार्ग पर भी दोपहर बाद वाहनों का आवागमन बंद कर सुरक्षा घेरे में ले लिया जाएगा। आमजन ट्रैफिक जाम से बचने के लिए इस समय के दौरान इन मार्गों से गुजरने की जगह वैकल्पिक मार्ग को चुनें।



Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement