Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध सख्त कार्यवाही जारी: तीन दिनों में गंगाशहर, सुजानदेसर, सिने मैजिक सहित 15 स्थानों पर दी दबिश, 37 अवैध सिलेंडर जब्त

India-1stNews




बीकानेर में एलपीजी के दुरूपयोग एवं अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए अभियान के तहत गठित टीम ने गुरुवार को भी विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। जिला रसद अधिकारी वीरेन्द्र सिंह चौधरी, प्रवर्तन अधिकारी पवन सुथार तथा प्रवर्तन निरीक्षक प्रखर भार्गव की टीम ने कई जगह छापेमारी का सिलसिला जारी रखा।

औचक निरीक्षण के दौरान विभाग के आला अधिकारी शामिल रहे। सिने मैजिक के पास श्री कृष्णा बिल्डर्स के सामने बाड़े में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध दुरूपयोग की सूचना प्राप्त होने पर मौके पर भंवरलाल पुत्र सोहनलाल निवासी भगवानपुरा को घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग और भंडारण करते हुए पाया गया। उसके विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 16 गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। इसी टीम ने मुक्ताप्रसाद नगर में आकाश स्वीट्स के पास सलाम कुरैशी पुत्र हाजी गफ्फार निवासी सर्वोदय बस्ती को घरेलू गैस सिलेंडर से वाहनों में अवैध रूप से गैस भरते हुए पाए जाने पर एक सिलेंडर मय इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त किए गए। 


टीम ने 24 और 25 दिसम्बर को निरीक्षण के दौरान गंगाशहर बस स्टैंड के पास मुकेश बिश्नोई पुत्र भारमल बिश्नोई को घरेलू गैस सिलेंडरों से ऑटो रिक्शा में अवैध रूप से गैस भरते हुए पाए जाने पर उसके विरूद्ध कार्रवाई की गई और 2 सिलेंडरों के साथ इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। सुजानदेसर रोड पर बबलू गहलोत पुत्र रामदयाल गहलोत को भी घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो रिक्शा में अवैध रूप से गैस भरते हुए पाए जाने पर उसके विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 2 सिलेंडरों के साथ इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। इसके पश्चात करमीसर कब्रिस्तान के पास श्रीराम गहलोत पुत्र माणकचंद को एक गोदाम में, जो सफी मोहम्मद का बताया गया, बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 सिलेंडर मय इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त किए गए। 

बुधवार को अवकाश के दिन अवैध गैस रिफिलिंग के विरूद्ध कार्रवाई जारी रखते हुए धोबी तलाई, रानी बाजार में मोहम्मद गुलजार पुत्र अता मोहम्मद, भंवर लाल मेहरा पुत्र बालेश चंद्र, मेहरों का मोहल्ला, नगर निगम के पीछे तथा साहिल खान पुत्र मोहम्मद फारूख, अमरसिंहपुरा को घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरूपयोग कर वाहनों में अवैध रूप से गैस भरते हुए पाया गया और इन सबसे क्रमशः 2, 1 तथा 4 सिलेंडर मय इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त किए गए। इन सभी के विरूद्ध एलपीजी अधिनियम, 2000 के खंड सं. 3, 4, 5 व 7 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। सभी 6 जब्ती की कार्यवाहियों में जब्त सिलेंडरों और अन्य सामग्री को निकटतम गैस ऐजेंसियों के गोदामों में सुरक्षित रखने हेतु सुपुर्द कर सुरक्षित रखने हेतु पाबंद किया गया। इन आरोपियों के विरूद्ध नियमानुसार सक्षम न्यायालय में वाद पेश किया जाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला रसद अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का कहीं भी किसी प्रकार का दुरूपयोग होता दिखाई दे, तो कार्यालय के दूरभाष 0151-2226010 पर सूचित करें, जिससे नियमानुसार तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्त्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement