Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: गंगा सरोवर कैचमेंट एरिया में अवैध खनन पर 'तीसरी आंख' का पहरा, 75 हैक्टेयर में शुरू हुआ ड्रोन सर्वे

India-1stNews



​– सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर खान विभाग का एक्शन; 3-4 दिन में तैयार होगी रिपोर्ट

– खनिज क्ले के अवैध खनन का होगा वैज्ञानिक आकलन, अधिकारियों की टीम मौके पर

​जयपुर/बीकानेर, 25 नवंबर। बीकानेर के कोलायत क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध गंगा सरोवर के कैचमेंट एरिया में चल रहे अवैध खनन के खेल पर अब सरकार ने हाईटेक तरीके से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की पालना करते हुए खान विभाग ने मंगलवार से इलाके में ड्रोन सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है।

​कोलायत के गंगा सरोवर कैचमेंट एरिया में खनिज क्ले (Clay) के अवैध खनन की शिकायतें मिलने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।

​70-75 हैक्टेयर क्षेत्र की होगी स्कैनिंग

​अधीक्षण खनि अभियंता एनके बैरवा के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस सर्वे में लगभग 70 से 75 हैक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ड्रोन के माध्यम से चप्पा-चप्पा खंगालेगी ताकि यह पता चल सके कि माफिया ने जमीन को कितना नुकसान पहुंचाया है और कितना खनिज चोरी किया गया है। इस सर्वे को पूरा होने में तीन से चार दिन का समय लगने की संभावना है।

​सटीक आकलन के लिए बनी विशेष टीम

​खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने अवैध खनन गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई और निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक के उपयोग के निर्देश दिए थे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए माइनिंग और जियोलॉजी विंग के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है।

​मौके पर खनि अभियंता धीरज पंवार, वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक मनोहर सिंह राठौड़ और करणवीर सिंह ड्रोन विशेषज्ञों के साथ सर्वे कार्य को अंजाम दे रहे हैं।

​रिपोर्ट आते ही होगी कार्रवाई

​गौरतलब है कि पिछले दिनों इस क्षेत्र में अवैध खनन की जानकारी सामने आई थी, जिस पर सरकार ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की थी। अब ड्रोन सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद अवैध खनन का वास्तविक और वैज्ञानिक आकलन हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर विभाग द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement