Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर के नए IG ओमप्रकाश ने संभाली कमान: 'दरिंदों को फांसी और माफियाओं को जेल' ही प्राथमिकता; अपराधियों की कुंडली होगी अपडेट

India-1stNews



– कड़े तेवर: रणजीतपुरा कांड के आरोपी को फांसी दिलाने के लिए स्पेशल PP और मजबूत पैरवी का भरोसा; अजमेर-पाली के अनुभवों का मिलेगा लाभ

– नशा तस्करी पर प्रहार: बॉर्डर पार से आने वाली ड्रग्स पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' की तैयारी; पुराने तस्करों का बनेगा नया डेटाबेस

बीकानेर, 25 फरवरी (बुधवार)। बीकानेर रेंज के नए आईजी ओमप्रकाश ने बुधवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। आईजी कार्यालय पहुँचने पर पुलिस के जवानों ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया। इस दौरान एसपी कावेंद्र सिंह सागर सहित जिले के आला अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। मीडिया से रूबरू होते हुए आईजी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं, जिनमें महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति सबसे ऊपर रहीं।

रणजीतपुरा कांड: "सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, फांसी तक पहुँचाएंगे"

​हाल ही में मासूम के साथ हुई दरिंदगी पर आईजी ने बेहद गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने कहा: "अक्सर पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुल्जिम पकड़ लेती है, लेकिन कमजोर पैरवी से वो बरी हो जाता है। इससे परिवादी ठगा सा महसूस करता है। हम रणजीतपुरा मामले में स्पेशल पीपी (PP) नियुक्त कर ऐसी मजबूत पैरवी करेंगे कि आरोपी को फांसी की सजा मिले।" आईजी ने बताया कि वे पूर्व में अजमेर और पाली में भी पॉक्सो एक्ट के अपराधियों को फांसी की सजा दिला चुके हैं और वही अनुभव यहाँ काम आएगा।

नशा तस्करों का टूटेगा नेटवर्क

​बॉर्डर पार से आने वाली ड्रग्स और नशे के बढ़ते कारोबार पर आईजी ने कहा: "नशा तस्करी में कोई नया अपराधी नहीं आता, पुराने तस्कर ही जमानत पर छूटने के बाद फिर इसी धंधे में लग जाते हैं। हम ऐसे अपराधियों की 'कुंडली' अपडेट कर रहे हैं।" आईजी ने बताया कि वे पूर्व में डीआईजी सिक्योरिटी रह चुके हैं, जिससे उन्हें बॉर्डर की तस्करी रोकने की बारीक जानकारी है।

हार्डकोर अपराधी और साइबर क्राइम

रेंज में दूसरे राज्यों के गैंगस्टर्स, फिरौती मांगने वालों और एनडीपीएस के अपराधियों का एक व्यापक डेटाबेस बनाया जाएगा ताकि उनके नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।उन्होंने स्वीकार किया कि अन्य रेंज के मुकाबले बीकानेर में साइबर अपराध कम हैं, लेकिन इसे और भी कम करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

​कार्यभार ग्रहण करने के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़, सीओ सदर अनुष्ठा कालिया और सीओ सिटी अनुज डाल ने भी आईजी का स्वागत किया।


Post a Comment

0 Comments