Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: डाक पार्सल की गाड़ी से निकली 'शराब' पुलिस ने पीछा कर तस्कर को दबोचा

India-1stNews



​– नाकाबंदी तोड़कर भागा तस्कर: पुलिस ने कई किमी पीछा कर पकड़ी पिकअप; कैबिन में छिपा रखी थी 180 पेटी पंजाब निर्मित शराब

– 10 लाख की खेप जब्त: बाड़मेर निवासी जोगाराम गिरफ्तार; अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर हुई बड़ी कार्यवाही

​बीकानेर, 22 फरवरी (रविवार)। बीकानेर के महाजन थाना पुलिस ने शनिवार अलसुबह नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए डाक पार्सल की पिकअप का इस्तेमाल किया, लेकिन भारतमाला ग्रीनफील्ड हाईवे पर हुई नाकाबंदी में यह 'चलाकी' काम नहीं आई। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 180 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

​फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी गाड़ी

​कार्यवाही टीम के हेड कांस्टेबल बाबूलाल ने बताया कि अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर रोही जैतपुर के पास नाकाबंदी की जा रही थी। तभी एक पिकअप आती दिखी जिस पर 'डाक पार्सल' लिखा हुआ था। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर गाड़ी भगा ली। पुलिस टीम ने हिम्मत दिखाते हुए कई किलोमीटर तक पिकअप का पीछा किया और अंततः उसे घेरकर रुकवा लिया।

​180 पेटी शराब और बाड़मेर का तस्कर

​जब पुलिस ने पिकअप के कैबिन की तलाशी ली, तो वहां पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की 180 पेटियां लदी मिलीं। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक जोगाराम (पुत्र भैराराम, निवासी गांव डाबली सरा, बाड़मेर) को हिरासत में लिया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

​इनकी रही मुख्य भूमिका

​इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में हेड कांस्टेबल बाबूलाल के साथ कांस्टेबल राजेश, भादरराम और अजय सिंह शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप पंजाब से कहाँ ले जाई जा रही थी और इस तस्करी नेटवर्क के पीछे मुख्य सरगना कौन है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement