Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर में कुदरत का कहर: कलेक्ट्रेट में चलती कार पर गिरा विशाल पेड़; मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचीं कई जानें

India-1stNews



​– अंधड़ का तांडव: बुधवार शाम आई तेज हवाओं ने ढाया कहर; पेड़ के साथ बिजली का खंभा भी उखड़ा, ठेलों को पहुँचा भारी नुकसान।

– चमत्कारिक बचाव: एडवोकेट जगदीश गौड़ और उनके पुत्र की गाड़ी पर गिरी टहनी; सुरक्षित बच निकलने पर ईश्वर का जताया आभार।

– बिजली गुल: तारों पर पेड़ गिरने से कलेक्ट्रेट क्षेत्र की बिजली व्यवस्था हुई ठप; राहगीरों में मची भगदड़।

​बीकानेर, 25 मार्च (बुधवार)।शहर में आज शाम मौसम ने अचानक करवट ली और धूल भरी तेज आंधी (अंधड़) ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे डरावना मंजर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में देखने को मिला, जहाँ अंधड़ के वेग के सामने एक पुराना और विशाल पेड़ टिक नहीं सका और जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा।

​हादसे के वक्त गुजर रही थी कार

​प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब पेड़ गिरा, तब वहाँ से गाड़ियाँ गुजर रही थीं। एडवोकेट जगदीश गौड़ अपने पुत्र मनीष गौड़ के साथ कार में सवार होकर वहां से निकल रहे थे, तभी पेड़ की एक भारी टहनी उनकी गाड़ी पर आ गिरी। गनीमत रही कि टहनी के प्रहार के बावजूद कार सवार पिता-पुत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसे एक बड़ा चमत्कार माना जा रहा है, क्योंकि पेड़ की ऊंचाई और वजन काफी अधिक था।

​खंभा उखड़ा, ठेलों पर गिरी गाज

​अंधड़ इतना जबरदस्त था कि पेड़ के पास लगा एक बिजली का खंभा भी उखड़ गया। यह खंभा पास में ही खड़े रेहड़ी-ठेलों पर जा गिरा, जिससे गरीब दुकानदारों का काफी नुकसान हुआ है। पेड़ गिरने से बिजली के हाई-टेंशन तार टूट गए, जिससे क्षेत्र में बिजली गुल हो गई और सुरक्षा की दृष्टि से एकबारगी पूरे इलाके की बिजली कटनी पड़ी।



​लोगों ने दिखाई तत्परता

​हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद अधिवक्ताओं, पक्षकारों और राहगीरों ने फुर्ती दिखाई। बिजली विभाग को सूचना देने के साथ-साथ गिरे हुए पेड़ के मलबे के बीच फंसे लोगों की मदद की गई। प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर पेड़ को हटाने और यातायात सुचारू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement