– सनसनीखेज: घात लगाकर बैठे हमलावरों ने सरेराह साजिद को घेरा; हमलावर मौके पर कैंपर गाड़ी छोड़कर हुए फरार।
– भारी पुलिस जाब्ता: मौके पर पहुँची दो थानों की पुलिस; पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में जुटी भारी भीड़, हमलावरों की तलाश जारी।
बीकानेर, 8 मार्च (रविवार)। बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में रविवार को अपराध का एक और खौफनाक अध्याय जुड़ गया। चौखुटी पुलिया के नीचे कार सवार एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे लहूलुहान हालत में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया गया है।
कैंपर से घेरा, फिर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान साजिद भुट्टो के रूप में हुई है। साजिद अपनी कार से घर की ओर जा रहा था, तभी चौखुटी पुलिया के नीचे पहले से तैयारी कर बैठे हमलावरों ने अपनी कैंपर गाड़ी से उसकी कार को रुकवाया और उस पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस कातिलाना हमले में साजिद बुरी तरह घायल हो गया।
दो थानों की पुलिस मौके पर
वारदात की सूचना मिलते ही नयाशहर थाना अधिकारी कविता पूनिया और जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी बिक्रम तिवाड़ी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे। हमलावर वारदात के बाद अपनी कैंपर गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने साजिद की क्षतिग्रस्त कार और हमलावरों की कैंपर, दोनों को कब्जे में लेकर नयाशहर थाने पहुँचाया है। साजिद भुट्टो के घायल होने की खबर जैसे ही शहर में फैली, पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में उसके समर्थकों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस इस हमले को पुरानी रंजिश और आपसी गैंगवार के एंगल से जोड़कर देख रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई है।..

0 Comments