Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर में श्मशान भूमि के पास संदिग्ध अवस्था में मिला व्यक्ति का शव

India-1stNews



बीकानेर, 16 मार्च (सोमवार)। बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में घड़सीसर अंडरब्रिज के पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। श्मशान भूमि के ठीक सामने बने इस गोदाम के बरामदे में शव को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सामाजिक संगठनों ने निभाया मानवीय धर्म

​घटना की जानकारी मिलते ही गंगाशहर पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस के साथ ही सामाजिक सरोकारों में अग्रणी खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादार भी सक्रिय हुए। शोएब, रमजान, आसुराम कच्छावा और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुँचे। पुलिस की मौजूदगी में सेवादारों ने शव को एम्बुलेंस के जरिए पीबीएम अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

मोहन नगर का निवासी था मृतक

​पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन नगर निवासी मेघराज के रूप में हुई है। वह कबाड़ के गोदाम के बरामदे में किस परिस्थितियों में पहुँचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी भी पहेली बना हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई

​गंगाशहर पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस गोदाम मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेघराज को आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।


Post a Comment

0 Comments