Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में रसद विभाग का 'मिडनाइट' स्ट्राइक: कलेक्ट्रेट के पीछे छापेमारी; 46 घरेलू सिलेंडर जब्त, रिफिलिंग मशीन बरामद

India-1stNews



– नॉन-स्टॉप एक्शन: रविवार देर रात DSO नरेश शर्मा ने खुद संभाला मोर्चा; सर्वोदय बस्ती के एक बाड़े से पकड़ा रिफिलिंग का खेल।

– सड़कों पर छापा: कलेक्ट्रेट के पीछे और ढोला मारू के पास चाट-बर्गर स्टालों पर दबिश; व्यावसायिक काम में घरेलू सिलेंडरों के उपयोग पर गिरी गाज।

– आपूर्ति अपडेट: जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक; DSO की अपील— "बुकिंग के 2 दिन में मिल रही रिफिल, पैनिक न हों।"

बीकानेर, 16 मार्च (सोमवार)।संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद बीकानेर रसद विभाग चैन से बैठने के मूड में नहीं है। रविवार देर रात जिला रसद अधिकारी (DSO) नरेश शर्मा और उनकी प्रवर्तन टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में दबिश देकर घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के नेटवर्क को ध्वस्त किया।

सर्वोदय बस्ती में बाड़े का गेट खुलवाकर की जांच

​देर रात मुखबिर की सूचना पर DSO नरेश शर्मा पुलिस दल के साथ सर्वोदय बस्ती पहुँचे। यहाँ एक संदिग्ध बाड़े की तलाशी लेने पर प्रशासन के होश उड़ गए।बाड़े से 38 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और तोलने वाला कांटा बरामद किया गया।मुक्ता प्रसाद थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर माल सुपुर्द किया गया और आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की गई।

चाट-बर्गर की रेहड़ियों पर भी हड़कंप

​सर्वोदय बस्ती के साथ-साथ रसद विभाग की विशेष टीम ने कलेक्ट्रेट के पीछे और ढोला मारू के सामने संचालित चाट, पावभाजी और बर्गर की स्टालों पर आकस्मिक निरीक्षण किया। कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करते पाए जाने पर 8 सिलेंडर मौके पर ही जब्त किए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि रात के समय भी यह निगरानी जारी रहेगी।

उपभोक्ताओं को संदेश: घबराने की जरूरत नहीं

​DSO नरेश शर्मा ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।सभी गैस वितरकों के पास पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध हैं।बुकिंग के मात्र दो दिन (48 घंटे) के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। दिन में गैस वितरकों की बुकिंग प्रणाली और रात में दुरुपयोग पर विभाग की पैनी नजर है।

Post a Comment

0 Comments