– मेगा रिकवरी: 10 किलो 700 ग्राम अफीम और 5 किलो डोडा पोस्त जब्त; प्लाईवुड से भरे ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी नशे की खेप।
– रेंज टीम का एक्शन: आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में राजियासर थाना पुलिस और रेंज स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से दिया कार्रवाई को अंजाम।
– तस्करों का 'हरियाणा' कनेक्शन: सिरसा के डबवाली इलाके के रहने वाले हैं दोनों आरोपी; अतिरिक्त एसपी पवन भदौरिया ने किया सुपरविजन।
राजियासर/बीकानेर, 16 मार्च (सोमवार)।बीकानेर रेंज में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सफलता का एक और बड़ा अध्याय लिखा है। आईजी ओमप्रकाश के कुशल नेतृत्व में रेंज स्पेशल टीम और राजियासर थाना पुलिस ने संयुक्त नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
प्लाइवुड की आड़ में तस्करी का खेल
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि भारतमाला एक्सप्रेस-वे के रास्ते नशे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन भदौरिया की अगुवाई में टीम ने राजियासर क्षेत्र में नाकाबंदी की।लकड़ी की प्लाई से भरे ट्रक (RJ14GE5446) को रुकवाकर जब सघन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखी गई 10 किलो 700 ग्राम अफीम और 5 किलो डोडा पोस्त बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया और तस्करी के सामान को अपने कब्जे में लिया।
हरियाणा के दो तस्कर चढ़े हत्थे
पुलिस ने ट्रक में सवार दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो नशे की इस खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे:
- सुरेन्द्र कुमार (30 वर्ष): निवासी गंगा, मंडी डबवाली, सिरसा (हरियाणा)।
- शिवकुमार (55 वर्ष): निवासी गंगा, मंडी डबवाली, सिरसा (हरियाणा)।
इन जांबाजों की रही अहम भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में रेंज कार्यालय के ASI विमलेश बिजारनिया और कांस्टेबल बाबूलाल की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल बाबूलाल द्वारा सटीक सूचना संकलन ने इस बड़ी बरामदगी की नींव रखी। टीम में कांस्टेबल धर्मपाल, आत्माराम और राजियासर थाने के SI मुंशीखां भी शामिल रहे।
पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अफीम कहाँ से लाई गई थी और इसे हरियाणा में किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। आईजी ओमप्रकाश ने स्पष्ट किया है कि रेंज में अवैध हथियारों और नशे के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा।

0 Comments