Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: दिनदहाड़े 'गैंगवार' जैसी वारदात; फॉर्च्यूनर सवार युवक पर चढ़ाई कैंपर, पिस्टल से की फायरिंग

India-1stNews



– जानलेवा हमला: बस स्टैंड पर किराया लेने गए शिशपाल पर बिना नंबर की गाड़ी से हमले का प्रयास; बाल-बाल बची जान

– दहशत का माहौल: पिस्टल लहराते हुए बदमाशों ने दी जान से मारने की धमकी; पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम

बीकानेर/नाल, 2 मार्च (सोमवार)।बीकानेर के नाल थाना क्षेत्र के जयमलसर गांव में रविवार को सरेराह गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसे जान से मारने की कोशिश की और नाकाम रहने पर हवाई फायर कर दहशत फैला दी। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा घटनाक्रम?

​परिवादी शिशपाल सिंह (निवासी जयमलसर) ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह अपने साथियों रायबहादुर सिंह और गौरव पंडित के साथ बस स्टैंड स्थित अपनी दुकानों का किराया लेने गया था। जब वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था, तभी बीकानेर की तरफ से एक बिना नंबर की सफेद कैंपर गाड़ी तेज रफ्तार में आई।आरोपी ने शिशपाल को जान से मारने की नीयत से सीधे गाड़ी उसकी ओर मोड़ दी। शिशपाल ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचा लिया, लेकिन कैंपर की जोरदार टक्कर से उसकी फॉर्च्यूनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।टक्कर के बाद कैंपर से भरत सिंह और विक्रम सिंह पिस्टल लेकर नीचे उतरे। पीछे की सीट से हुक्म सिंह और मदन सिंह भी नीचे उतर आए।आरोप है कि हुक्म सिंह ने अपनी पिस्टल से शिशपाल की ओर फायर किया और हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पुरानी रंजिश और जान का खतरा

​परिवादी शिशपाल ने पुलिस को बताया कि इन आरोपियों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। इससे पहले भी आरोपियों ने उनकी गाड़ी को नुकसान पहुँचाया था, जिसका मामला दर्ज है। परिवादी ने आरोप लगाया कि ये लोग आदतन अपराधी हैं और उनसे उसे व उसके परिवार को जान का गंभीर खतरा है।

पुलिस की कार्रवाई

​नाल थाना पुलिस ने शिशपाल की रिपोर्ट पर भरत सिंह, विक्रम सिंह, हुक्म सिंह और मदन सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Post a Comment

0 Comments