Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर में सुनार ने दिया परिवार को बड़ा चूना, शादी के गहने बनाने के नाम पर 17 लाख का सोना और 3 लाख की नकदी पार

India-1stNews



​– विश्वासघात: भीनासर निवासी महिपाल चौधरी की बहनों की शादी के लिए खरीदा था सोना; आरोपी सुशील सोनी ने गहने बनाने का झांसा देकर लिया था 115 ग्राम सोना।

– दुस्साहस: समय पर जेवर नहीं दिए, टोकने पर बोला— 'सोना बेच दिया, जो करना है कर लो'; गंगाशहर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

​बीकानेर/गंगाशहर, 10 मार्च (मंगलवार)।बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक सुनार द्वारा करीब 20 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने शादी वाले घर में घुसकर जेवर बनाने का भरोसा जीता और फिर पूरे परिवार की जमा-पूंजी और सोना लेकर चंपत हो गया।

​बहनों की शादी के लिए खरीदा था सोना

​पीड़ित महिपाल चौधरी (निवासी नोखा रोड, भीनासर) ने पुलिस को बताया कि 19 और 21 फरवरी 2026 को उसकी और उसकी बहनों की शादी थी। शादी की तैयारी के लिए उन्होंने डी.पी. ज्वैलर्स और कुंदनवाला ज्वैलर्स से कुल 115.57 ग्राम 24 कैरेट शुद्ध सोना खरीदा था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17,49,108 रुपए थी।

​घर आकर जीता भरोसा, फिर की ठगी

​रिपोर्ट के अनुसार, 3 फरवरी 2026 को करनाणी मोहल्ला निवासी सुशील सोनी परिवादी के घर आया। उसने उचित दाम और समय पर बेहतरीन गहने बनाकर देने का भरोसा दिलाया। महिपाल ने गवाहों के सामने आरोपी को सारा सोना और घड़ाई (मजदूरी) के लिए 3 लाख रुपए नकद सौंप दिए। आरोपी ने वादा किया था कि 17 फरवरी तक सभी गहने तैयार मिल जाएंगे।

​"सोना बेच दिया, जो करना है कर लो"

​जब तय समय निकल गया और शादियां नजदीक आ गईं, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने साफ कह दिया कि उसने सारा सोना आगे बेच दिया है और अब उसके पास कुछ नहीं है। जब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई, तो आरोपी ने बड़ी ढिठाई से कहा, "जो करना है कर लो, मुझे तो यही करना था।"

​पुलिस की कार्रवाई

​गंगाशहर पुलिस ने महिपाल चौधरी की रिपोर्ट पर आरोपी सुशील सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएसआई मांगीलाल को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश और बरामदगी के प्रयास कर रही है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement