Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: स्कूटी की डिक्की में '70 करोड़' का राज! सड़क पर घायल मिले युवक के पास से 14 किलो हेरोइन जब्त, ड्रोन ड्रॉपिंग की आशंका

India-1stNews



– अनपेक्षित खुलासा: पूगल-खाजूवाला मार्ग पर घायल मिला था युवक; थाने लाकर स्कूटी की डिक्की खंगाली तो निकले हेरोइन के 27 पैकेट्स।

– सरहदी कनेक्शन: 20-21 अप्रैल की रात ड्रोन ड्रॉपिंग का था इनपुट; सीमा पार से भेजी गई खेप होने की प्रबल आशंका।

– हाई अलर्ट: बीएसएफ और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं; घायल युवक पीबीएम में भर्ती, होश में आने के बाद खुलेंगे बड़े राज।

बीकानेर, 22 अप्रैल (बुधवार)।बीकानेर के सीमावर्ती पूगल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। पुलिस को सूचना मिली थी कि पूगल से खाजूवाला मार्ग पर एक युवक लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा है। पुलिस ने मानवता दिखाते हुए युवक को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन जब उसकी दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी की जांच की गई, तो डिक्की के अंदर 'सफेद मौत' का जखीरा देखकर पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई।

डिक्की में छिपा था 70 करोड़ का जखीरा

​पूगल थानाधिकारी समरवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी को जब थाने लाकर तलाशा, तो डिक्की में पीले रंग के बड़े पैकेट मिले। इन पैकेटों के अंदर कुल 27 छोटे पैकेट थे, जिनमें 14 किलो हेरोइन भरी हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

पाली निवासी खेताराम के पास कहाँ से आई ड्रग्स?

​घायल युवक की पहचान खेताराम (22) पुत्र पाली जिला निवासी के रूप में हुई है। वह अलसुबह खाजूवाला से निकला था और पूगल के पास किसी आवारा पशु से टकराकर दुर्घटना का शिकार हो गया। फिलहाल वह बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में अचेत अवस्था में भर्ती है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पाली का रहने वाला यह युवक सीमावर्ती इलाके में क्या कर रहा था और यह करोड़ों की ड्रग्स उसे किसने सौंपी?

ड्रोन ड्रॉपिंग से जुड़ रहे हैं तार

​प्राथमिक जांच में सुरक्षा एजेंसियां इसे ड्रोन ड्रॉपिंग का मामला मान रही हैं। सूत्रों के अनुसार, 20-21 अप्रैल की दरमियानी रात सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन की हलचल और हेरोइन ड्रॉपिंग का इनपुट मिला था। माना जा रहा है कि खेताराम उसी खेप को ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहा था।

BSF और पुलिस की संयुक्त जांच

​इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन मिलने के बाद बीएसएफ (BSF) के आला अधिकारी भी पूगल पहुँच गए हैं। पुलिस और अन्य एजेंसियां युवक के मोबाइल रिकॉर्ड और संपर्कों को खंगाल रही हैं। हालांकि, अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है क्योंकि पुलिस युवक के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।



Post a Comment

0 Comments