Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर में गैंगवार की साजिश नाकाम, हिस्ट्रीशीटर रामा नागौरी सहित 5 गिरफ्तार; पुलिस ने बीच बाजार निकाली 'परेड'

India-1stNews



– खौफ का अंत: चौपड़ा बाड़ी में हथियारों के साथ आमने-सामने थे रामा नागौरी और श्रवण जाट के गुट; पुलिस ने फिल्मी अंदाज में हो रहे हमले को टाला।

– गलियों में परेड: दहशत फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने पैदल घुमाया; आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के कड़े तेवर।

– रंजिश का खेल: सोशल मीडिया पर चैलेंजबाजी के बाद कैंपर गाड़ियों में हमला करने पहुंचे थे बदमाश; 5 दबोचे, फरार हिस्ट्रीशीटरों की तलाश जारी।

बीकानेर, 16 अप्रैल (गुरुवार)। बीकानेर के गंगाशहर इलाके में बुधवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो गुटों के बदमाश पुरानी रंजिश के चलते एक-दूसरे पर हमले के लिए फिल्मी अंदाज में सड़कों पर उतर आए। हालांकि, पुलिस ने समय रहते दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर रामा नागौरी सहित पांच बदमाशों को दबोच लिया और शहर में उनकी परेड निकालकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया।

मौत की रफ्तार और 'कैंपर' वाली दहशत

​जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर रामनिवास उर्फ रामा नागौरी और इलाके के बदमाश श्रवण जाट के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही है। बुधवार रात रंजिश इतनी बढ़ी कि रामा नागौरी अपने गुर्गों के साथ कैंपर गाड़ियों में हथियारों से लैस होकर श्रवण जाट के घर (चौपड़ा बाड़ी) तक पहुँच गया। गलियों में तेज रफ्तार दौड़ती गाड़ियों और बदमाशों के खूंखार अंदाज को देख लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

पुलिस का कड़ा प्रहार: आरोपियों की निकाली परेड

​आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के सख्त निर्देशों पर सीआई परमेश्वर सुथार की टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में:

  • रामा नागौरी (हिस्ट्रीशीटर)
  • मयूर खान (निवासी घड़सीसर)
  • दीपक कच्छावा (निवासी सुजानदेसर)
  • मनीष गहलोत (निवासी सुजानदेसर)
  • जय नारायण जाट (निवासी गंगाशहर) शामिल हैं।

​गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इन बदमाशों की मुख्य मार्गों से पैदल परेड निकाली। इस कार्रवाई का मकसद आमजन के बीच से बदमाशों का खौफ खत्म करना और कानून तोड़ने वालों को यह बताना था कि अपराध की दुनिया का अंजाम सिर्फ जेल है।

सोशल मीडिया पर वार, जमीन पर प्रहार

​बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया पर 'वर्चस्व की जंग' चल रही है। आए दिन रील और पोस्ट के जरिए एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दी जा रही थीं, जो बुधवार रात धरातल पर खूनी संघर्ष में बदलने वाली थी।

दो हिस्ट्रीशीटर अब भी फरार

​सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब फरार चल रहे श्रवण जाट और उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति भंग करने वाले किसी भी गैंगस्टर को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments