Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर में टला 'गैंगवार'! मंदिर के पास आमने-सामने थे दो गुट; पुलिस ने 5 बदमाशों को दबोचा, कैंपर गाड़ी सीज

India-1stNews



​– समय रहते एक्शन: गश्त के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने मारी रेड; पुरानी रंजिश में 'श्रवण कांचली' को ठिकाने लगाने की थी फिराक।

– भारी घेराबंदी: एक कैंपर गाड़ी में सवार 4 युवकों को घेरा; दस्तावेज नहीं मिलने पर गाड़ी मोटर व्हीकल एक्ट में जब्त।

– पुलिस की मुस्तैदी: मुखबिरी कर रहे दूसरे गुट के साथी को भी दबोचा; मुख्य आरोपी श्रवण उर्फ कांचली की तलाश जारी।

​बीकानेर, 16 अप्रैल (गुरुवार)। बीकानेर के गंगाशहर थाना इलाके में स्थित सुजानदेसर क्षेत्र गुरुवार को भारी तनाव की चपेट में आ गया। पुरानी रंजिश को लेकर दो अपराधी गुटों के बीच बड़ी वारदात की योजना बन रही थी, लेकिन गंगाशहर पुलिस ने समय रहते दबिश देकर पांच शातिर युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

​काली माता मंदिर क्षेत्र बना था अखाड़ा

​पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुजानदेसर के काली माता मंदिर क्षेत्र में दो गुटों के बीच रंजिश चरम पर है और वे हथियारों के साथ एक-दूसरे पर हमला करने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध कैंपर गाड़ी को रुकवाया।

​रंजिश और गिरफ्तारी का घटनाक्रम

​कैंपर गाड़ी में सवार चार युवकों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उनकी श्रवण उर्फ कांचली से पुरानी रंजिश है और वे उसे नुकसान पहुँचाने के लिए तलाश कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया:

  1. ​रामनिवास उर्फ रामा
  2. ​मयूर खान
  3. ​दीपक कच्छावा
  4. ​मनीष गहलोत

​पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन जब्त किए हैं और कैंपर गाड़ी के कागजात नहीं मिलने पर उसे सीज कर दिया गया है।

​दूसरे गुट का 'जासूस' भी चढ़ा हत्थे

​कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दूसरे पक्ष की भी घेराबंदी की। काली माता मंदिर के पास से जयनारायण नामक युवक को पकड़ा गया, जो श्रवण उर्फ कांचली का साथी है। वह विरोधी गुट की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और अपने साथियों को लोकेशन भेज रहा था।

​बड़ी वारदात की थी तैयारी

​गंगाशहर पुलिस का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो सुजानदेसर में गैंगवार जैसी स्थिति बन सकती थी। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी श्रवण उर्फ कांचली और उसके अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement