– सख्त कार्रवाई: बोथरा कॉम्प्लेक्स के पास 'हथाई' कैफे में चल रही थीं अनैतिक गतिविधियां; पुलिस ने मौके से कैफे मालिक सहित 4 को दबोचा।
– सीज की चेतावनी: जिस बिल्डिंग में चल रहा था कैफे, उस पर पुलिस ने लगाया ताला; संचालक नहीं हटा तो पूरी बिल्डिंग होगी सीज।
– खाकी का एक्शन: केबिन के अंदर मिले युवक-युवतियां; लड़कियों को समझाइश कर छोड़ा, युवकों को शांतिभंग में किया गिरफ्तार।
बीकानेर, 24 अप्रैल (शुक्रवार)। शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र कोटगेट थाना इलाके में कैफे की आड़ में चल रहे 'अनैतिक अड्डों' पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। शुक्रवार को कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी टीम के साथ बोथरा कॉम्प्लेक्स के पास संचालित 'हथाई कैफे' पर अचानक छापा मारा। रेड के दौरान कैफे के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
कैफे के अंदर बने थे गुप्त बंकरनुमा केबिन
थानाधिकारी शेखावत ने बताया कि कैफे के भीतर नियमों के विरुद्ध गुप्त बंकरनुमा केबिन बना रखे थे, जहाँ अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर चार-पांच युवतियां और चार युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने युवतियों को कड़ी समझाइश और हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि चार युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
कैफे मालिक और असिस्टेंट गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में कैफे का मालिक और उसका असिस्टेंट भी शामिल है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस गोरखधंधे में और कौन-कौन शामिल है।
बिल्डिंग मालिक को अल्टीमेटम
पुलिस ने इस कार्रवाई को और कड़ा बनाते हुए फिलहाल उस पूरी बिल्डिंग पर ताला जड़ दिया है जहाँ यह कैफे संचालित था। थानाधिकारी ने साफ कहा है कि बिल्डिंग मालिक को बुलाकर कैफे को वहां से हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि भविष्य में दोबारा वहां ऐसी गतिविधि पाई गई, तो पूरी बिल्डिंग को सीज करने की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
"अनैतिकता बर्दाश्त नहीं होगी"
थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोटगेट थाना क्षेत्र में कैफे या किसी भी अन्य संस्थान की आड़ में अनैतिक कार्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस द्वारा समय-समय पर आकस्मिक चेकिंग और रेड की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर के युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।

0 Comments