Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: मोबाइल स्नैचिंग के बाद साइबर ठगी का खौफनाक खेल; बुजुर्गों को निशाना बनाने वाली गैंग का पर्दाफाश, 2 शातिर गिरफ्तार

India-1stNews



– डबल अटैक: पहले छीनते थे मोबाइल, फिर 'PhonePe' के जरिए बैंक खाते से पार करते थे नकदी; तकनीकी सेंधमारी कर देते थे वारदात को अंजाम।

– सबूत मिटाने में माहिर: ठगी के बाद मोबाइल के कर देते थे टुकड़े; मदरबोर्ड तक बेचकर हो जाते थे भूमिगत।

– सदर पुलिस की कामयाबी: सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहिद और अनीस अहमद चढ़े हत्थे; कई वारदातों के खुलने की उम्मीद।

बीकानेर, 14 अप्रैल (मंगलवार)।बीकानेर में मोबाइल छीनने वाली गैंग अब सिर्फ फोन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आपकी मेहनत की कमाई पर भी डाका डाल रही है। सदर थाना पुलिस ने एक ऐसी गैंग को पकड़ा है जो बुजुर्गों का मोबाइल छीनकर उनके डिजिटल पेमेंट एप्स के जरिए बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर कर लेती थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है।

वारदात का तरीका: स्नैचिंग से साइबर ठगी तक

​गिरफ्तार आरोपी वाहिद (पुत्र मोहम्मद अमीन) और अनीस अहमद कुरैशी बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। पूछताछ में सामने आया कि। ​ये आरोपी सुनसान रास्तों पर बुजुर्गों को निशाना बनाकर उनका मोबाइल छीनते थे। ​मोबाइल हाथ आते ही उसमें 'PhonePe' जैसे डिजिटल पेमेंट एप डाउनलोड करते थे। ​पीड़ित के मोबाइल नंबर और सिम का इस्तेमाल कर बैंक खाते तक पहुँचते और पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से मोबाइल को तोड़ देते थे और उसका मदरबोर्ड तक बेच देते थे ताकि कोई तकनीकी सबूत न बचे।

इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका

​एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह और सीओ अनुष्ठा कालिया की निगरानी में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई दीपक यादव, मदनलाल, कांस्टेबल गिरधरदान और मनोज ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस की अपील: फोन खोते ही सिम कराएं ब्लॉक

​इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सलाह दी है कि यदि आपका मोबाइल चोरी या स्नैच होता है, तो सबसे पहले अपने मोबाइल प्रदाता से संपर्क कर सिम कार्ड ब्लॉक करवाएं और बैंक को सूचित करें। आरोपियों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे शहर में हुई मोबाइल स्नैचिंग की कई अन्य वारदातों के राज खुलने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments