Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: मासूम विराट की मौत के बाद जागा प्रशासन, भारी मात्रा में खूनी मांझा जब्त, आरोपी फरार

India-1stNews



– मासूम की मौत का असर: 8 वर्षीय विराट की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन; एसपी ने दिए अवैध भंडारण और बिक्री पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश।

– गोगागेट में दबिश: गफूर बस्ती में मोहम्मद अजीज के घर पुलिस की रेड; 29 गेडी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद।

– पुलिस को देख भागा तस्कर: छापेमारी के दौरान मौके से फरार हुआ आरोपी; सादी वर्दी में तैनात किए गए पुलिसकर्मी।

बीकानेर (कोतवाली), 18 अप्रैल (शनिवार)।देशनोक पुलिया पर शुक्रवार को हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। बुआ की शादी की खुशियाँ मनाने निकले 8 वर्षीय विराट की गर्दन जब खूनी मांझे से कटी, तो उस चीख ने सोए हुए प्रशासन को जगा दिया। इसी कड़ी में कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मांझे के जखीरे को पकड़ा है।

गफूर बस्ती में पुलिस की बड़ी रेड

​थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोगागेट क्षेत्र की गफूर बस्ती (लाल गुफा रोड) स्थित मोहम्मद अजीज के मकान पर दबिश दी। पुलिस के पहुँचते ही आरोपी तस्कर अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से 29 गेडी (चरखी) प्रतिबंधित चाइनीज मांझा मिला, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।

बुआ की शादी के लिए खरीदारी करने जा रहा था परिवार

​हादसे का शिकार हुआ मासूम विराट अपने पिता किशनलाल (निवासी उदासर) के साथ बीकानेर खरीदारी करने जा रहा था। बाइक पर उसके साथ माँ और बहन भी थे। अचानक आए मांझे ने विराट की श्वास नली को काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही शहर में आक्रोश है कि आखिर प्रतिबंध के बावजूद यह मांझा बाज़ारों में कैसे पहुँच रहा है?

सादी वर्दी में 'स्पेशल टीम' तैनात

​जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि अब शहर के हर संदिग्ध इलाके में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मुखबिरों के जरिए सूचना जुटाई जा रही है कि कौन से दुकानदार या सप्लायर चोरी-छिपे यह मौत का धागा बेच रहे हैं। शनिवार की कार्रवाई में हेड कांस्टेबल संदीप, सचित्र, कांस्टेबल शिवराज, भागीरथ और लीलाधर ने मुख्य भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments