Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

पत्रकारों के भवन का मुद्दा पहुँचा जयपुर तक: प्रेस क्लब ने UDH सचिव से की मुलाकात, बीकानेर में स्थायी भूखंड आवंटन की पुरजोर पैरवी

India-1stNews



​– स्थायी समाधान की मांग: बीकानेर प्रेस क्लब ने नगरीय विकास विभाग (UDH) के ACS आलोक गुप्ता से की मुलाकात; स्वतंत्र भवन के लिए जमीन आवंटन की उठाई आवाज।

​– अस्थायी व्यवस्था: भूखंड आवंटन तक BDA के माध्यम से किसी खाली सरकारी भवन को क्लब की गतिविधियों हेतु उपलब्ध कराने का किया अनुरोध।

​– भवनहीन प्रेस क्लब: क्राउन पार्क में आवंटन निरस्त होने के बाद से समस्याओं का सामना कर रहे हैं पत्रकार; जल्द समाधान का मिला आश्वासन।

बीकानेर, 27 अप्रैल (सोमवार)। शहर के पत्रकारों के प्रमुख संगठन बीकानेर प्रेस क्लब के लिए स्थायी भवन और भूखंड की मांग अब और तेज हो गई है। सोमवार को प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर से बीकानेर आए नगरीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) आलोक गुप्ता से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के संबंध में विस्तार से ज्ञापन सौंपा।

आवंटन निरस्त होने से बढ़ी दिक्कतें

ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर प्रेस क्लब लंबे समय से अपने स्वयं के भवन के अभाव में कार्य कर रहा है। पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा क्राउन पार्क में एक पुराना भवन क्लब के लिए आवंटित किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों से वह आवंटन बाद में निरस्त कर दिया गया। तब से क्लब फिर से भवनहीन हो गया है, जिससे पत्रकारों को संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने और आवश्यक सुविधाएं जुटाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्थायी भवन की भी मांग

प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया के नेतृत्व में पत्रकारों ने मांग की कि पत्रकारों के हितों और क्लब के सुचारू संचालन के लिए उपयुक्त भूखंड शीघ्र आवंटित किया जाए। साथ ही यह सुझाव भी दिया गया कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के माध्यम से किसी अनुपयोगी सरकारी भवन को अस्थायी तौर पर क्लब के सुपुर्द किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण बिस्सा, जार  के अध्यक्ष प्रमोद आचार्य, वरिष्ठ पत्रकार रमेश बिस्सा, राजेश छंगाणी, कोषाध्यक्ष गिरिराज भादानी, नरेश मारू, निखिल स्वामी, मोहम्मद अली पठान, दिनेश जोशी, नौशाद अली, अजीम भुट्टा और आरसी सिरोही सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562