Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर शिक्षा विभाग का औचक निरीक्षण; निदेशक ने लापरवाही पर शिक्षक को किया सस्पेंड, अतिरिक्त निदेशक ने स्कूल में ली बच्चों की क्लास

India-1stNews



​– एक्शन मोड: शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने श्रीडूंगरगढ़ में किया औचक निरीक्षण; ड्यूटी से गायब शिक्षक निलंबित, प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी।

​– शिक्षक की भूमिका: अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा ने पवनपुरी और हाउसिंग बोर्ड स्कूलों में बच्चों को पढ़ाया विज्ञान और अंग्रेजी; परखी शैक्षणिक गुणवत्ता।

​– सख्ती: प्रवेशोत्सव में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थिति पर राजस्थान असैनिक सेवाएं नियमों के तहत होगी कड़ी कार्यवाही।

​बीकानेर, 27 अप्रैल (सोमवार)। बीकानेर में शिक्षा विभाग के आला अधिकारी सोमवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। एक ओर जहाँ माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा ने स्कूलों में शिक्षक बनकर बच्चों की क्लास ली, वहीं दूसरी ओर शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ गाज गिराई।

​अतिरिक्त निदेशक देवड़ा ने परखा ज्ञान, दिए निर्देश

अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पवनपुरी दक्षिण विस्तार) और महात्मा गांधी स्कूल (हाउसिंग बोर्ड) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 9 और 10 में विज्ञान तथा कक्षा 12 में अंग्रेजी विषय की बारीकियां समझाईं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया और मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची। देवड़ा ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में ठंडे पेयजल और सुचारू बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

​निदेशक सीताराम जाट की बड़ी कार्यवाही: शिक्षक निलंबित

प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महात्मा गांधी स्कूल, धीरदेसर चोटियान में बिना सूचना गायब मिले अध्यापक मोहम्मद रफीक के विरुद्ध नियम 17 के तहत कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं, वर्ष 2019 से लगातार तहसील कार्यालय में कार्य करने और विभाग में वापस ज्वाइन न करने पर मुकेश कुमार झरवाल को तुरंत निलंबित करने के आदेश दिए गए।

​प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस

प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में लापरवाही बरतने और अल्प प्रगति पाए जाने पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लिखमादेसर के प्राचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा और धीरदेसर चोटियान के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। निदेशक ने स्पष्ट किया कि प्रवेशोत्सव और शैक्षणिक गुणवत्ता में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement