Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में 'रफ्तार' का कहर; निजी बस ने परिवार को रौंदा, 8 साल के मासूम की मौत, 3 घायल

India-1stNews



– दिल दहला देने वाला हादसा: बस के इंतजार में खड़े परिवार पर चढ़ी तेज रफ्तार बस; किसान छात्रावास के पास मची चीख-पुकार।

– मासूम का दम टूटा: सिर में गंभीर चोट के कारण अबिर खान (8) ने इलाज के दौरान तोड़ा दम; पिता, मां और रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती।

– नियमों की धज्जियां: नो-एंट्री के बावजूद मुख्य बाजार की तंग सड़क पर दौड़ रही थी बस; चालक मौके से फरार।

बीकानेर, 04 अप्रैल (शनिवार)। बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रानी बाजार में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक निजी बस चालक की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। घटना उस समय हुई जब इजहार आलम अपने परिवार के साथ रानी बाजार में बस का इंतजार कर रहे थे।

भीषण टक्कर और मची भगदड़

​जानकारी के अनुसार, इजहार आलम अपनी पत्नी राहीन, बेटों अबिर (8) व अहद (10) और रिश्तेदार वाहिदा (25) के साथ खड़े थे। तभी एक तेज गति से आई बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 8 वर्षीय अबिर के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुँचाया।

अस्पताल में थमी अबिर की सांसें

​पीबीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने अबिर को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सिर और शरीर के अन्य अंगों में गहरी आंतरिक चोटों के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल पिता इजहार, मां राहीन और वाहिदा का उपचार जारी है। मासूम की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों की 'एंट्री'

​स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। रानी बाजार मुख्य सड़क पर बसों और भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है और उनके लिए पुलिया से इंडस्ट्रियल एरिया का रूट तय है। इसके बावजूद, बस चालक पुलिस की आंखों में धूल झोंककर या सांठगांठ कर तंग सड़कों से वाहन निकालते हैं, जो अक्सर बड़े हादसों का सबब बनते हैं।

चालक फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

​हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कोटगेट पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

Post a Comment

0 Comments