– शर्मनाक करतूत: देवर सोनू पर मोबाइल पर आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग भेजने का आरोप; विरोध करने पर पति के साथ बेरहमी से मारपीट।
– खूनी संघर्ष: 1 अप्रैल की सुबह लोहे के पाइप से टीपू सुल्तान पर किया हमला; सोनू और रटिसा बानों के खिलाफ मामला दर्ज।
– पुलिस की सुस्ती: पीड़िता का आरोप— "थाने में नहीं हुई सुनवाई, तब पहुँचे बड़े साहब के पास"; अब जांच में जुटी गंगाशहर पुलिस।
बीकानेर, 04 अप्रैल (शनिवार)। बीकानेर के घड़सीसर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने उस वक्त घिनौना रूप ले लिया, जब एक देवर ने अपनी ही भाभी को अश्लील रिकॉर्डिंग भेजकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब विरोध करने पर पति के साथ लोहे के पाइप से मारपीट की गई। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने बीकानेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद पेश किया, जिसके बाद गंगाशहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
काम पर जाने से पहले हुआ हमला
पीड़िता ने एसपी कार्यालय में बताया कि यह घटना 1 अप्रैल की सुबह की है। उसके पति टीपू सुल्तान काम पर जाने से पहले घड़सीसर स्थित अपने मकान पर कपड़े बदलने और टिफिन लेने गए थे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे उनके देवर सोनू और रटिसा बानों ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने लोहे के पाइप से टीपू सुल्तान पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
मोबाइल पर भेजता है आपत्तिजनक सामग्री
महिला ने अपने देवर सोनू पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक और अश्लील रिकॉर्डिंग भेजता है। जब परिवार में इसकी शिकायत की गई, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को झेल रही है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
पीड़िता ने परिवाद में स्पष्ट किया कि घटना के तुरंत बाद उसने गंगाशहर थाने में शिकायत की थी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोपियों के हौसले बुलंद होते देख उसे उच्चाधिकारियों की शरण लेनी पड़ी। एसपी कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद अब गंगाशहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
जांच और कार्रवाई
गंगाशहर पुलिस ने बताया कि परिवाद के आधार पर मारपीट, धमकी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब महिला द्वारा बताए गए मोबाइल रिकॉर्डिंग्स की तकनीकी जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल मुआयना करवाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

0 Comments