– गर्मी से निजात: करीब एक हफ्ते से हीटवेव की मार झेल रहे बीकानेर को मिली हल्की राहत; तापमान में गिरावट के साथ लोगों ने महसूस की ठंडक।
– मौसम का मिजाज: धूलभरी रेतीली आंधी के बाद बादलों की गर्जना के साथ शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर; श्रीडूंगरगढ़ और महाजन क्षेत्र में बरसी राहत।
– ओलावृष्टि का अलर्ट: श्रीडूंगरगढ़ के हेमासर गांव सहित कई स्थानों पर बरसात के साथ गिरे ओले; दोपहर तक तेज गर्मी से बेहाल रहा जनजीवन।
बीकानेर, 27 अप्रैल (सोमवार)। बीकानेर जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी और हीटवेव के दौर पर सोमवार दोपहर बाद ब्रेक लग गया। क्षेत्र में अचानक आए मौसम के बदलाव से आसमान में काली घटाएं छा गईं और रेतीली आंधी के बाद हुई बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी। दोपहर तक जहां लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त था, वहीं शाम होते-होते बूंदाबांदी से लोगों को बड़ी राहत मिली।
श्रीडूंगरगढ़ और महाजन में तेज बारिश
मौसम के बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर श्रीडूंगरगढ़ और महाजन क्षेत्र में देखने को मिला। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे सहित ग्रामीण अंचल में तेज बारिश हुई, वहीं हेमासर गांव में बरसात के साथ ओले गिरने की खबर है। महाजन और समीपवर्ती अरजनसर में भी तेज अंधड़ के बाद हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
बीकानेर शहर में आंधी और बूंदाबांदी
बीकानेर शहर में भी दोपहर बाद अचानक धूलभरी आंधी चली, जिससे दृश्यता कम हो गई। आंधी के बाद शहर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जो समाचार लिखे जाने तक रुक-रुक कर जारी था। बादलों की गर्जना और ठंडी हवाओं के चलने से पिछले कई दिनों से तप रहे शहरवासियों ने सुकून की सांस ली है।

0 Comments