Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: ऐतिहासिक कोड़मदेसर तालाब पर संकट; प्यास से मर रहे बेजुबान, भू-माफियाओं ने किया अवैध कब्जा, पुजारी ट्रस्ट ने लगाई प्रशासन से गुहार

India-1stNews



​– धरोहर पर खतरा: बीकानेर की पहचान कोड़मदेसर तालाब 6 दशकों से उपेक्षित; खुदाई और मरम्मत के अभाव में जीर्ण-शीर्ण हुई हालत।

​– बेजुबानों पर आफत: भीषण गर्मी में सूख रहे तालाब के कारण गाय, ऊंट और जंगली जानवर प्यास से तोड़ रहे दम; पुजारी वर्ग निजी स्तर पर टैंकरों से डलवा रहा पानी।

​– भू-माफियाओं का रसूख: प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से घाट, तालाब परिसर और मेला मैदान पर कब्जे; पिछले 1 साल से आम रास्ता भी बंद।

​बीकानेर, 27 अप्रैल (सोमवार)। बीकानेर की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर श्री कोड़मदेसर भैरूनाथ धाम के प्राचीन तालाब के अस्तित्व पर गहरा संकट मंडरा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की अनदेखी के चलते यहाँ का पशुधन और जंगली जीव पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। हालत इतनी विकट है कि प्यास के कारण बेजुबान पशु दैनिक रूप से दम तोड़ रहे हैं।

​पुजारी वर्ग का सराहनीय प्रयास

मरते हुए बेजुबान जीवों को बचाने के लिए श्री भैरूनाथ पुजारी वर्ग और गांव के जागरूक नागरिक अपने स्तर पर ट्रकों (टैंकरों) के जरिए तालाब में पानी डलवा रहे हैं। जेठमल गहलोत (पुजारी ट्रस्ट) ने इस मानवीय कार्य के लिए सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है, लेकिन प्रशासन की चुप्पी और जनप्रतिनिधियों के 'सौतेले व्यवहार' पर गहरा खेद जताया है।

​60 सालों से उपेक्षा का शिकार

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 6 दशकों से तालाब की खुदाई और मरम्मत का कोई कार्य नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त, रसूखदार भू-माफियाओं ने जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में तालाब के घाट, परिसर और मेला मैदान की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। हद तो यह है कि पिछले एक वर्ष से आम रास्ता भी बंद कर रखा है, जिसकी जानकारी होने के बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

​सांसद और विधायक से दखल की मांग

पुजारी ट्रस्ट ने बीकानेर लोकसभा सांसद और कोलायत विधानसभा विधायक से इस प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेने का अनुरोध किया है। मांग की गई है कि तत्काल अवैध कब्जे हटवाकर आम रास्ता खुलवाया जाए और इस ऐतिहासिक धरोहर के विकास के लिए विशेष अनुदान जारी कर तालाब का जीर्णोद्धार करवाया जाए।



Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement