Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: शहर में मोबाइल स्नैचरों का आतंक; स्कूटी सवार युवती से मोबाइल छीना, पीछा किया पर गलियों में ओझल हुआ बदमाश

India-1stNews



​– सरेराह वारदात: रात के समय स्कूटी सवार सहेलियों को बनाया निशाना; गौतम सर्किल रोड पर हुई स्नैचिंग।

– बहादुरी और बेबसी: पीड़िता ने कृष्णा अस्पताल तक किया पीछा, लेकिन गलियों का फायदा उठाकर भाग निकला लुटेरा।

– तकनीकी बाधा: सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध तो दिखा, लेकिन घटनास्थल के कैमरे बंद होने से नहीं मिल सका आरोपी का चेहरा।

​बीकानेर, 13 अप्रैल (सोमवार)।बीकानेर के पॉश इलाकों में शुमार जयनारायण व्यास कॉलोनी (JNVC) थाना क्षेत्र में झपटमारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस लाइन के सामने रहने वाली एक युवती के साथ राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास मोबाइल स्नैचिंग हुई। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन शातिर लुटेरा पुलिस और जनता की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया।

​पीछा किया पर हाथ नहीं आया बदमाश

​परिवादिया मैथिली तंवर (निवासी वार्ड नंबर 49) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी शिकायत में बताया कि वह 11 मार्च की रात करीब 8:40 बजे अपनी सहेली के साथ स्कूटी पर घर लौट रही थी। गौतम सर्किल रोड पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के सामने पहुँचते ही पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। लड़कियों ने तुरंत स्कूटी मोड़कर बदमाश का पीछा शुरू किया और उसे कृष्णा अस्पताल तक खदेड़ा, लेकिन आरोपी संकरी गलियों का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।

​घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे मिले बंद

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जेएनवीसी पुलिस ने जब जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक बड़ी लापरवाही सामने आई। आरोपी कुछ दूरी तक युवती का पीछा करता हुआ कैमरों में कैद हुआ है, लेकिन मुख्य घटनास्थल के कैमरे बंद होने के कारण वारदात का स्पष्ट फुटेज और आरोपी का चेहरा सामने नहीं आ सका। बाइक के नंबर प्लेट की पहचान भी अब तक नहीं हो पाई है।

​पुलिस पर सुरक्षा का दबाव

​शहरवासियों का कहना है कि रात के समय सुनसान सड़कों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। पीड़िता ने जेएनवीसी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही ऑनलाइन शिकायत भी दी है। पुलिस फिलहाल संदिग्ध हुलिए के आधार पर पूर्व के अपराधियों और आदतन स्नैचरों की कुंडली खंगाल रही है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement