– आर-पार की जंग: एसपी मृदुल कच्छावा ने लॉन्च किया विशेष अभियान; नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क (उत्पादन से वितरण तक) को ध्वस्त करने का लक्ष्य।
– दो तरफा वार: एक ओर युवाओं को जागरूक करने के लिए शिक्षण संस्थानों में चलेंगे कार्यक्रम, दूसरी ओर अपराधियों पर होगी कठोरतम कानूनी कार्रवाई।
– संपत्ति होगी जब्त: NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत तस्करों के बैंक खाते, वाहन और अवैध इमारतों को किया जाएगा अटैच।
बीकानेर, 08 अप्रैल (बुधवार)।नशा मुक्त भारत अभियान की दिशा में बीकानेर पुलिस ने आज से "ऑपरेशन नीलकंठ" का आगाज कर दिया है। यह अभियान न केवल अपराधियों को जेल भेजने तक सीमित रहेगा, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई उनकी आर्थिक शक्ति को भी पूरी तरह खत्म कर देगा।
जागरूकता: युवाओं को बचाएगी पुलिस
अभियान के पहले चरण में पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों में नशा विरोधी कार्यक्रम आयोजित करेगा। थानाधिकारी और वृत्ताधिकारी युवाओं को एनडीपीएस एक्ट की गंभीरता और नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेंगे।
प्रवर्तन: अपराधियों की कुंडली तैयार
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने तस्करों पर नकेल कसने के लिए 3 स्तरीय रणनीति बनाई है:
- पुराने अपराधियों की निगरानी: एनडीपीएस एक्ट में पहले चालान हो चुके अपराधियों की सूची अपडेट कर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया जाएगा।
- टॉप अपराधियों पर फोकस: प्रत्येक थाना क्षेत्र के टॉप आदतन नशा तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- संपत्ति पर प्रहार: नशे के काले कारोबार से खरीदे गए भूखंड, कृषि भूमि, आवासीय भवन और लग्जरी वाहनों की पहचान कर उन्हें धारा 68-F के तहत फ्रीज या अटैच किया जाएगा।
राजस्व और नगर निकाय के साथ समन्वय
एसपी मृदुल कच्छावा ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अपराधी ने अवैध कमाई से अतिक्रमण या नियमों के विरुद्ध निर्माण किया है, तो राजस्व और नगर निकाय विभाग के सहयोग से उन अवैध निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

0 Comments