— ऐतिहासिक बैठक: संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों की अहम बैठक संपन्न; 35 साल पुराने रेल फाटक जाम संकट के स्थाई समाधान पर लगी मुहर।
— पारदर्शिता सर्वोपरि: कोटगेट और सांखला फाटक सहित शहर के चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर डिस्प्ले किया जाएगा पूरा प्रोजेक्ट मैप, ताकि आमजन देख सकें ब्लूप्रिंट और दे सकें तकनीकी सुझाव।
— ट्रैफिक में बड़ा बदलाव: केईएम रोड और कोटगेट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए आगामी 15 दिनों में कोटगेट से कोटगेट फाटक तक 'वनवे' (One-Way) व्यवस्था होगी लागू।
बीकानेर, 21 मई (गुरुवार)। बीकानेर शहरवासियों को दशकों पुराने और सबसे बड़े दर्द यानी 'कोटगेट और सांखला रेल फाटक के जाम' से जल्द ही स्थाई मुक्ति मिलने वाली है। राज्य सरकार की वर्ष 2025-26 की बजट घोषणा के तहत बनने वाले बहुप्रतीक्षित कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी (Under-Bridge) प्रोजेक्ट को लेकर गुरुवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रोजेक्ट के धरातलीय क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया।
चार प्रमुख स्थानों पर डिस्प्ले होगा आरयूबी का पूरा नक्शा
प्रोजेक्ट को पूरी तरह पारदर्शी और आमजन की सहूलियत के अनुरूप बनाने के लिए संभागीय आयुक्त श्री मीणा ने बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरयूबी निर्माण का पूरा ब्लूप्रिंट और प्लान कोटगेट व सांखला फाटक सहित शहर के चार प्रमुख व्यस्ततम स्थानों पर डिस्प्ले (प्रदर्शित) किया जाए। इससे शहर के आम नागरिक और तकनीकी विशेषज्ञ भी पूरे प्लान को देखकर अपनी आपत्तियां या रचनात्मक सुझाव दे सकेंगे, जिनका बाद में तकनीकी रूप से परीक्षण करवाया जाएगा।
जुलाई में स्लैब डालने से शुरू होगा काम, वाटर हार्वेस्टिंग भी बनेगी
संभागीय आयुक्त ने प्रोजेक्ट की समयावधि स्पष्ट करते हुए बताया कि कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी का निर्माण कार्य आगामी जुलाई माह से स्लैब डालने के साथ धरातल पर शुरू हो जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि दिसंबर 2026 तक इस पूरे प्रोजेक्ट को मुकम्मल कर जनता को सौंप दिया जाए। खास बात यह है कि इस अंडर-ब्रिज प्रोजेक्ट में बारिश के दिनों में पानी भराव की समस्या को रोकने के लिए एक आधुनिक वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (जल संचयन प्रणाली) भी विकसित किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के.दास गुप्ता सहित अन्य व्यापारियों ने इस समस्या को लेकर पिछले 35 वर्षों से किए जा रहे सामाजिक संघर्ष और पुराने अनुभवों से अवगत करवाया।
केईएम रोड पर पार्किंग और कोटगेट क्षेत्र में 'वनवे' व्यवस्था लागू होगी
बैठक में केवल अंडर-ब्रिज ही नहीं, बल्कि निर्माण कार्य के दौरान और वर्तमान में शहर की बेपटरी हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था तथा केईएम रोड की पार्किंग समस्या पर भी गंभीर मंथन हुआ। संभागीय आयुक्त ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया है कि आगामी 15 दिनों के भीतर कोटगेट से लेकर कोटगेट फाटक तक 'वनवे ट्रैफिक व्यवस्था' को प्रायोगिक (ट्रायल) तौर पर लागू किया जाए, ताकि जाम से त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में ये प्रशासनिक अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त यशपाल आहूजा, पीडब्ल्यूडी के एसई डॉ. वी.के.गहलोत, डीएसपी (ट्रैफिक) किशन सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सएन विजय कुमार मीणा, सहायक अभियंता विक्रम बिश्नोई, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश निर्वाण और बीडीए की डायरेक्टर इंजीनियर श्रीमती वंदना शर्मा मौजूद रहीं। वहीं व्यापारिक जगत से बीकानेर व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरपत सेठिया, कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल, सचिव उमेश मेहंदीरत्ता, प्रवक्ता श्याम कुमार तंवर, केईएम रोड़ एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम खंडेलवाल और मांगीलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments