— होटल में मिनी टकसाल: नेशनल हाइवे पर स्थित 'होटल सांवरिया सेठ' के कमरे में प्रिंटर और चमकीली टेप के जरिए धड़ल्ले से छापे जा रहे थे 500-500 रुपये के नकली नोट।
— सामग्री जब्त: पुलिस ने मौके से 500 रुपये के 156 जाली नोट (कुल ₹78,000), 2 प्रिंटर, पेपर कटर, धागे के रूप में इस्तेमाल होने वाली चमकीली टेप और रबरबैंड बरामद किए हैं।
— कोटगेट थाने में केस: हालांकि कार्रवाई श्रीडूंगरगढ़ पुलिस टीम द्वारा की गई है, लेकिन अग्रिम विधिक प्रक्रिया के तहत आरोपियों के खिलाफ कोटगेट पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बीकानेर, 21 मई (गुरुवार)। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं का लगातार अपराध के दलदल में फंसना चिंता का विषय बनता जा रहा है। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाइवे पर स्थित एक नामचीन होटल में छापा मारकर जाली नोट (Fake Currency) छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से होटल संचालक सहित 4 शातिर युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सांवरिया सेठ होटल के कमरे में चल रहा था खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को नेशनल हाइवे पर स्थित होटल सांवरिया सेठ में कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की विशेष टीम ने होटल के एक कमरे में औचक दबिश दी। पुलिस जब कमरे के भीतर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देखकर चौंक गई। आरोपी युवक कमरे के भीतर हाई-टेक प्रिंटर मशीन लगाकर हूबहू असली जैसे दिखने वाले 500-500 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहे थे।
नोट में सिक्योरिटी थ्रेड के लिए लाते थे चमकीली टेप
पुलिस ने मौके से 500-500 रुपये के 156 नकली नोट बरामद किए, जिनकी बाजार मूल्य दर के हिसाब से कुल कीमत 78 हजार रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने नोट छापने और काटने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनमें:
- 2 हाई-क्वालिटी प्रिंटर
- 1 बड़ा पेपर कटर व 1 छोटा कटर
- नोट के बीच में सिक्योरिटी थ्रेड (धागे) के रूप में लगाई जाने वाली विशेष चमकीली टेप
- नोटों की गड्डियां बनाने के लिए भारी मात्रा में रबरबैंड शामिल हैं।
होटल संचालक सहित ये 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनकी फर्द (बरामदगी सूची) तैयार की है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
- आशीष पुत्र किशनलाल ब्राह्मण (निवासी आडसर बास, श्रीडूंगरगढ़ एवं होटल सांवरिया सेठ का संचालक)
- नारायण पुत्र कालूराम ब्राह्मण (निवासी आडसर बास, श्रीडूंगरगढ़)
- श्यामलाल पुत्र पुनाराम मेघवाल (निवासी हेमासर)
- जिंतेंद्र सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह राजपूत (निवासी पुंदलसर)
पवन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई
नकली नोटों के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली टीम में उपनिरीक्षक (SI) पवन शर्मा, कांस्टेबल पुनीत कुमार, अशोक, कैलाश और नरेंद्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर आरोपियों के खिलाफ कोटगेट पुलिस थाने में प्रभावी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक बाजार में कितने लाख रुपये के जाली नोट खपा चुके हैं।

0 Comments