India-1stNews



​– ऐतिहासिक पहल: व्यापारिक सामंजस्य के लिए मेडिकल, ज्वेलरी और होटल सहित 22 व्यवसायों में वैश्य मित्र कार्ड पर 3% से 15% तक की छूट का ऐलान।

समाज की एकजुटता: अग्रवाल, जैन, माहेश्वरी और खंडेलवाल सहित सभी वैश्य घटकों के प्रतिनिधियों का हुआ सम्मान; शिक्षा अनुदान की भी घोषणा।

शीर्ष नेतृत्व का प्रवास: राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने फन्ना बाबू को दी श्रद्धांजलि; बोले—राजनीतिक मजबूती के लिए आर्थिक एकता जरूरी।

बीकानेर, 2 मई (शनिवार)। ​बीकानेर में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में आयोजित सदस्यता अभियान समीक्षा बैठक सामाजिक और आर्थिक क्रांति की नई गवाह बनी। सदस्यता अभियान में बीकानेर जिला पूरे भारत में प्रथम स्थान पर अग्रसर है। शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के बीकानेर प्रवास के दौरान आयोजित इस बैठक में समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

श्रद्धांजलि और मंदिर दर्शन के साथ शुरुआत

डॉ. अशोक अग्रवाल ने बीकानेर पहुँचते ही सबसे पहले सुप्रसिद्ध व्यवसायी स्व. शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) के निवास पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके पश्चात उन्होंने श्री पुनरासर हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। सायं 7 बजे होटल सागर में समीक्षा बैठक का विधिवत शुभारंभ हुआ।

आर्थिक एकता: 22 प्रतिष्ठानों के साथ अनुबंध

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण व्यापारिक सामंजस्य रहा। बीकानेर के 22 प्रमुख प्रतिष्ठानों (मेडिकल, ज्वेलरी, होटल, फर्नीचर आदि) ने 'वैश्य मित्र कार्ड' धारकों के लिए 3 से 15 प्रतिशत तक की विशेष छूट की घोषणा की। इस पहल को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिष्ठानों और महासम्मेलन के मध्य अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत होकर ही समाज राजनीतिक रूप से सशक्त हो सकता है।

वैश्य समाज के विभिन्न घटकों का सम्मान

एकजुटता का संदेश देते हुए वैश्य समाज के सभी प्रमुख घटकों के अध्यक्षों का सम्मान किया गया। इसमें अग्रवाल समाज के प्रमोद देवड़ा, सुशील बंसल, केदारनाथ अग्रवाल; जैन महासभा के कन्हैयालाल बोथरा, संजय जैन सांड; माहेश्वरी समाज के ललित झंवर, मनोज बजाज; विजयवर्गीय समाज के निलेश व ज्योति विजयवर्गीय; खंडेलवाल समाज के महेश व प्रेम खंडेलवाल तथा महात्मा समाज के शिवकुमार व दिनेश महात्मा को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

नई नियुक्तियां और प्रोत्साहन

युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए किशन अग्रवाल को नए युवा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड सदस्य बनाने पर विजय बाफना और भारतीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष बनने पर विनोद गोयल का सम्मान हुआ। भव्या बाफना द्वारा बनाए गए स्केच की भी सराहना की गई। महिला इकाई अध्यक्ष ममता राठी ने विश्वास दिलाया कि अभियान में महिला सदस्यों की भागीदारी सर्वाधिक रहेगी।

शिक्षा के लिए बढ़ाया हाथ

सामाजिक सरोकार निभाते हुए कार्यक्रम के दौरान शिक्षा अनुदान के लिए आवेदन करने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए मंच से ही अनुदान राशि की घोषणा की गई। इस अवसर पर विनोद बाफना, सोहनलाल बैद, ओमप्रकाश करनानी सहित समाज के सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।