Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

मात्र 1 रुपया कम देने पर बस में नाबालिग की बेरहमी से पिटाई; चेहरे की हड्डी टूटी, 4 आरोपी गिरफ्तार

India-1stNews




​— सनसनीखेज वारदात: बीकानेर रेंज के भादरा (हनुमानगढ़) में बस किराए के विवाद ने लिया हिंसक रूप; लोहे की रॉड और लाठियों से किया हमला।

— बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने मुख्य आरोपी भगवानाराम सहित चार लोगों को किया गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी।

— गंभीर चोट: हमले में नाबालिग के चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर; पीड़ित का अस्पताल में चल रहा उपचार।



​बीकानेर (रेंज), 12 मई (मंगलवार)। ​बीकानेर रेंज के भादरा थाना अंतर्गत गांव मलसीसर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बस में किराया देने के दौरान मात्र एक रुपया कम होने के विवाद में एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना 8 मई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

​किराए के 1 रुपये पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, नाबालिग भादरा से मलसीसर जा रहा था। बस में किराए को लेकर उसका कंडक्टर से विवाद हो गया। नाबालिग ने किराए के रूप में 10 रुपये दिए थे, लेकिन कंडक्टर ने एक रुपया और मांगा। इसी दौरान बस में सवार गांव का ही भगवानाराम (जिसके पिता उसी बस में पहले चालक थे) ने कंडक्टर का पक्ष लिया और नाबालिग से उलझ गया। विवाद इतना बढ़ा कि बस स्टैंड पहुँचते ही भगवानाराम ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

​लोहे की रॉड और लाठियों से हमला

जैसे ही बस मलसीसर बस स्टैंड पहुँची, आरोपियों ने नाबालिग को जबरन नीचे उतारा और लाठियों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग के चेहरे, आंख, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार, मारपीट इतनी भीषण थी कि बच्चे के चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई और तुरंत अस्पताल पहुँचाया।



​पुलिस की गिरफ्त में चार आरोपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी ने बताया कि पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानाराम पुत्र चुन्नीराम जाट, चुन्नीराम पुत्र रामलाल जाट, मानसिंह पुत्र लाधूराम सुथार और प्रदीप उर्फ धोलू पुत्र महेंद्र कुमार जाट को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले की जांच महेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement