– बड़ी कार्रवाई: फर्जी ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस ने पकड़ा अनैतिक खेल; ऑन कॉल बुकिंग पर खुलता था स्पा सेंटर का दरवाजा।
– बाहरी राज्यों से कनेक्शन: दिल्ली, फरीदाबाद और पंजाब सहित पड़ोसी जिलों से बुलाई जाती थीं लड़कियां।
– शौकीन ग्राहक: अक्कासर निवासी एक युवक फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे; पहले भी स्पा रेड के दौरान मिल चुका है मौके पर।
बीकानेर, 2 मई (शनिवार)। बीकानेर शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को एक और बड़ी स्ट्राइक की है। कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित 'इलाइट थाई स्पा' पर पुलिस ने छापेमारी कर 8 युवतियों और 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से शहर के स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया है।
सादा वर्दी में फर्जी ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस
कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस सेंटर को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने जाल बिछाते हुए एक जवान को फर्जी ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। अवैध गतिविधियों की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने दबिश दी। स्पा सेंटर का दरवाजा अंदर से बंद रहता था और केवल ऑन कॉल बुकिंग वाले ग्राहकों के लिए ही खोला जाता था।
दिल्ली और हरियाणा से बुलाई गई थीं लड़कियां
पुलिस की रेड के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पकड़ी गई 8 लड़कियों में से 4 दिल्ली की रहने वाली हैं, जबकि अन्य 4 हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, फरीदाबाद और पंजाब से ताल्लुक रखती हैं। गिरफ्तार किए गए 3 युवकों में से एक स्पा का कर्मचारी है और दो ग्राहक हैं। इनमें से अक्कासर निवासी एक युवक पहले भी अन्य स्पा सेंटरों पर हुई रेड के दौरान पुलिस को मिल चुका है।
महिला संचालक 'डिंपल' की तलाश जारी
जांच में सामने आया है कि इस स्पा को डिंपल नाम की एक महिला संचालित करती है। पुलिस को संदेह है कि वह स्पा मालिक की पत्नी है। फिलहाल वह मौके पर नहीं मिली, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यहाँ से लड़कियों को बाहर भी भेजा जाता था और यह धंधा कब से चल रहा था।
20 स्पा सेंटरों पर अब तक गाज
थानाधिकारी शेखावत के अनुसार, कोटगेट थाना क्षेत्र में अब तक करीब 20 स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पा की आड़ में अनैतिक देह व्यापार चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

0 Comments