Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: रिश्ते के भांजे ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर किया मासी का अपहरण! बाहर ले जाकर किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप

India-1stNews



​— रिश्तों का कत्ल: शादी का दबाव बना रहे दूर के रिश्ते के भांजे ने कॉलेज के बाहर युवती (मासी) को नशीला पदार्थ पिलाया; बंधक बनाकर जोधपुर और जयपुर की होटलों में किया दुष्कर्म।

​— ब्लैकमेलिंग का खेल: आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर होने वाले पति को भेजे; पहचान दस्तावेज और मोबाइल छीनकर खाली कागजों पर भी करवाए दस्तखत।

​— एसपी के आदेश पर केस: शुरुआत में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा से गुहार लगाई, जिसके बाद लूणकरणसर थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।

बीकानेर, 25 मई (सोमवार)। बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में पारिवारिक मर्यादाओं को तार-तार करने और डिजिटल ब्लैकमेलिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने दूर के रिश्ते की मासी लगने वाली युवती को कॉलेज के बाहर नशीला पदार्थ पिलाकर अगवा कर लिया और अलग-अलग शहरों की होटलों में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर उसे और उसके होने वाले ससुराल पक्ष को जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी। शुरुआती ढिलाई के बाद अब जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के कड़े आदेश पर लूणकरणसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

भांजा बताकर समझाती रही मासी, आत्महत्या की धमकी देकर बनाता रहा दबाव

​पुलिस को दी गई लिखित रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक रिश्ते में उसका दूर का भांजा लगता है, जिसके कारण उसका पीड़िता के घर लंबे समय से आना-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी युवक लगातार मासी (युवती) पर शादी करने का अनुचित दबाव बनाने लगा। युवती उसे लगातार पारिवारिक मर्यादाओं का हवाला देकर समझाती रही कि उनके बीच पवित्र रिश्ता होने के कारण विवाह संभव नहीं है। इस पर आरोपी भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करते हुए खुदकुशी करने और युवती के परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकियां देने लगा, जिसके डर से युवती उससे फोन पर बात करने को मजबूर थी।

कॉलेज के बाहर दी नशीली कोल्ड ड्रिंक, जोधपुर ले जाकर आंतक का खेल

​पीड़िता ने आरोप लगाया कि गत 21 अप्रैल 2026 को वह जब कॉलेज गई थी, तब आरोपी ने उसे बातचीत के बहाने बाहर बुलाया। वहां आरोपी ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही युवती को चक्कर आने लगे और वह अर्धबेहोशी की हालत में आ गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी उसे जबरन बस स्टैंड ले गया और बीकानेर होते हुए जोधपुर पहुंच गया।

​जोधपुर ले जाकर आरोपी ने सबसे पहले युवती का मोबाइल फोन और उसके पहचान संबंधी दस्तावेज (पर्सनल आईडी कार्ड) अपने कब्जे में ले लिए ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। इसके बाद वह उसे एक वकील के घर ले गया, जहां डरा-धमकाकर कुछ सादे कागजों पर जबरन दस्तखत करवा लिए। इसके बाद जोधपुर की एक होटल में ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया और मोबाइल से उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

जयपुर की होटल में भी किया दुष्कर्म, रतनाड़ा में पति-पत्नी बनकर रहे

​वारदात के अगले दिन आरोपी पीड़िता को जयपुर ले गया, जहां एक होटल में दोबारा उसके साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे वापस जोधपुर लाया और रतनाड़ा इलाके में खुद को उसका पति बताकर एक कमरा किराये पर ले लिया। वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। जब भी युवती अपने घर लौटने की भीख मांगती, आरोपी अश्लील तस्वीरें इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसका मुंह बंद कर देता।

शादी तय हुई तो होने वाले पति को भेजे अश्लील वीडियो

​गत 25 अप्रैल को पीड़िता के परिजन उसे ढूंढते हुए जोधपुर के उस ठिकाने पर पहुंचे और उसे चंगुल से छुड़ाकर घर लाए। इस बीच युवती की दूसरी जगह शादी तय हो गई और घर में विवाह की तैयारियां शुरू हो गईं, जिसके चलते बदनामी के डर से परिवार तुरंत पुलिस के पास नहीं गया। इस दौरान आरोपी ने कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए दबाव बनाकर युवती से पुलिस के सामने अपने पक्ष में पहले बयान भी दिलवा दिए थे।

​लेकिन आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। जब उसे पता चला कि युवती की शादी कहीं और हो रही है, तो उसने और उसके रिश्तेदारों ने पीड़िता और उसके होने वाले पति को अश्लील वीडियो भेजकर धमकाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने धमकी दी कि यदि यह शादी हुई तो वे दूल्हे को जान से मार देंगे और वीडियो वायरल कर समाज में थू-थू करवा देंगे।

थानाधिकारी गणेश कुमार कर रहे हैं मामले की जांच

​इस लगातार मिल रही प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और जिला पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के कड़े रुख और हस्तक्षेप के बाद अब लूणकरणसर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी कमान खुद लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश कुमार संभाल रहे हैं। पुलिस टीम पीड़िता का मेडिकल करवाकर होटलों के रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments