Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर में पोल खुली: तोलियासर भैरूजी गली में बिक रहे थे नामी कंपनियों के नकली ब्यूटी प्रोडक्ट; थाने में 4 मुकदमे दर्ज

India-1stNews



​— लक्मे और क्लोजअप के नकली उत्पादों का भंडाफोड़: कंपनी की लीगल प्रतिनिधि नयन तारा डेमी की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सैकड़ों नकली सामान जब्त।

— त्योहारी सीजन के सरकारी आंकड़ों पर सवाल: केवल मावा, मसालों और रेहड़ी-गाड़ी वालों पर इतिश्री कर रहा स्वास्थ्य विभाग; सौंदर्य प्रसाधन और सोने-चांदी के नकली बाजार पर प्रशासन मौन।

— 4 दुकानदार चढ़े पुलिस के हत्थे: अबुजर, कैफ और मनोज कुमार मोदी की दुकानों पर बिना बिल-दस्तावेजों के धड़ल्ले से बेची जा रही थी नकली कॉस्मेटिक्स; कॉपीराइट एक्ट में मामला दर्ज।

​बीकानेर, 24 जून (बुधवार)। ​एक ओर राज्य सरकार 'शुद्ध के लिए युद्ध' अभियान का ढिंढोरा पीटकर त्योहारी सीजन में चंद छोटी-मोटी कार्रवाइयां कर वाहवाही लूटने में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर बीकानेर शहर के मुख्य बाजारों में नामी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के नकली और मिलावटी उत्पाद धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। मजे की बात यह है कि जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का पूरा ध्यान केवल खाद्य पदार्थों, रेस्टोरेंटों और थड़ी-गाड़े वालों पर ही सिमटकर रह गया है। विभाग केवल मावा और घी के चंद नमूने (सैंपल) लेकर अपने आंकड़े सरकार तक पहुंचा देता है, लेकिन शहर में पैर पसार चुके नकली सौंदर्य प्रसाधन (कॉस्मेटिक्स) और सोने-चांदी के फर्जी खेल की ओर आंखें मूंदकर बैठा है।

​प्रशासन की इसी सुस्ती के बीच शहर के व्यस्ततम तोलियासर भैरूजी गली स्थित कई दुकानों पर नामी कॉस्मेटिक कंपनियों के नकली सौंदर्य प्रसाधन बेचने का एक बड़ा और चौंकाने वाला भंडाफोड़ हुआ है। इस संबंध में नामी 'लक्मे' (Lakme) कंपनी की लीगल प्रतिनिधि नयन तारा डेमी ने कोटगेट पुलिस थाने में चार अलग-अलग नामजद मुकदमे दर्ज करवाए हैं।

​असली के दाम पर ग्राहकों को थमा रहे थे सेहत से खिलवाड़ करने वाला नकली सामान

​कोटगेट पुलिस को सौंपी गई शिकायत के अनुसार, तोलियासर भैरूजी गली में कॉस्मेटिक्स का काम करने वाले कई दुकानदार ग्राहकों को नामी ब्रांड्स के नाम पर हूबहू दिखने वाला नकली और घटिया सामान बेच रहे थे। आरोपियों के पास इन ब्रांडेड उत्पादों की खरीद-बिक्री या कंपनी की डीलरशिप से जुड़ा कोई भी अधिकृत और वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। ये लोग सीधे तौर पर कॉपीराइट अधिनियम (Copyright Act) का उल्लंघन कर असली के दाम पर नकली सामान बेचकर उपभोक्ताओं की त्वचा और सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे थे।

​छापेमारी में 4 दुकानों से जब्त हुआ भारी जखीरा; देखें पूरी लिस्ट:

​कंपनी प्रतिनिधि की मौजूदगी में जब पुलिस ने तोलियासर भैरूजी गली की चिन्हित दुकानों पर दबिश दी, तो भारी मात्रा में डुप्लीकेट माल बरामद हुआ:

  1. ​दुकानदार कैफ: इसके ठिकाने से लक्मे कंपनी के 53 नकली उत्पाद बरामद किए गए।
  2. ​अबुजर (पुत्र जलालुद्दीन): मोहल्ला व्यापारियान निवासी इस दुकानदार के कब्जे से 48 नकली उत्पाद जब्त हुए।
  3. ​अबुजर (पुत्र मोहम्मद रिजवान): इसकी दुकान से लक्मे ब्रांड के 24 नकली ब्यूटी प्रोडक्ट पुलिस ने बरामद किए।
  4. ​मनोज कुमार मोदी: जोशीवाड़ा निवासी मनोज की दुकान से लक्मे समूह के अंतर्गत ही आने वाले सुप्रसिद्ध 'क्लोजअप' (Closeup) ब्रांड के 187 नकली उत्पाद (टूथपेस्ट आदि) जब्त किए गए।

​कॉपीराइट एक्ट के तहत जांच शुरू, बैक-एंड सप्लायर्स की तलाश

​कोटगेट थाना पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधि नयन तारा डेमी की लिखित रिपोर्ट के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज कर ली हैं। बता दे कि केवल इस इलाके में नही फड़बजार में खाने पीने के कई नकली प्रोडक्ट की भरमार पड़ी है फिर भी प्रशासन इन गलियों में अपनी आंख दूर करने में माहिर हैं।

​पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि बीकानेर की तोलियासर भैरूजी गली के इन रिटेल दुकानदारों तक लक्मे और क्लोजअप जैसी बड़ी कंपनियों के हूबहू दिखने वाले नकली रैपर, शटर पैक और केमिकल युक्त सौंदर्य प्रसाधन कहाँ से सप्लाई किए जा रहे थे। पुलिस को अंदेसा है कि इस काले कारोबार के तार दिल्ली के सदर बाजार या अहमदाबाद के बड़े मैन्युफैक्चरिंग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद बीकानेर के कॉस्मेटिक बाजार के अन्य मिलावटखोर व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement