— 48 घंटे में पकड़ा गया चोर: नोखा मुख्य बाजार में एक ही रात आधी दर्जन दुकानों के ताले तोड़ने वाला शातिर चोर गिरफ्तार।
— 12 चोरियों का खुलासा: बीकानेर शहर, नापासर और नोखा क्षेत्र में 12 से ज्यादा चोरियां करना कबूला; मुक्ताप्रसाद नगर की एजेंसी से ₹5 लाख चुराना भी स्वीकार किया।
— 100 से अधिक CCTV खंगाले: सीआई गोविंद सिंह चारण की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को कोलायत के गंगापुरा से दबोचा।
— एसपी करेंगे सम्मानित: चोरी का जल्द खुलासा करने वाली नोखा पुलिस टीम को एसपी मृदुल कच्छावा देंगे इनाम।
बीकानेर/नोखा, 01 अगस्त। बीकानेर जिले की नोखा थाना पुलिस ने मुख्य बाजार में 29 जुलाई की रात हुई सिलसिलेवार चोरियों का महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी 7 मामलों में चालानशुदा है और उसने जिले भर में एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें करना कबूल किया है।
एक ही रात में कई दुकानों के तोड़े ताले
मामले के अनुसार, 30 जुलाई को घंटाघर के पास रहने वाले गजानंद बजाज ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई की रात चोर ने उनकी किराना दुकान के ताले तोड़कर करीब ₹1.5 लाख नकद चुरा लिए।
इसी रात चोर ने पास की नोखा सप्लायर एजेंसी, लखारा चौक में सुखी सब्जी भंडार और पट्टी पेड़ा में नेमीचंद कन्हैयालाल लुणिया की दुकान से नकदी, दानपात्र और सामान पार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हाथ में लोहे का सरिया लेकर दुकानों के ताले तोड़ता हुआ साफ नजर आ रहा था।
कोलायत से दबोचा, शहर की ₹5 लाख की चोरी भी कबूली
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर एएसपी बनवारीलाल मीणा, सीओ जरनैल सिंह और नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी मदद से आरोपी खुमाराम (उम्र 24 वर्ष, निवासी— साधासर, थाना जसरासर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर खुमाराम ने नोखा की घटनाओं के अलावा नापासर थाने क्षेत्र में 4 चोरियां और मुक्ताप्रसाद नगर स्थित राजाराम धारणिया एजेंसी से ₹5 लाख से अधिक नकद चुराने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
इस त्वरित कार्रवाई में थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण (सीआई), एएसआई ताराचंद, हेड कांस्टेबल सतीश मुंड, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल, कांस्टेबल तेजाराम और कांस्टेबल गणेश गुर्जर शामिल रहे। पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य पर एसपी मृदुल कच्छावा ने उन्हें विशेष इनाम देने की घोषणा की है।

0 Comments