— Top-10 अपराधी गिरफ्तार: नापासर थाने के हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी रामस्वरूप गाट को पुलिस ने पकड़ा।
— 16 मुकदमे दर्ज: आरोपी पर बीकानेर जिले के अलग-अलग थानों में मारपीट, लूट और गाड़ी चढ़ाने के 16 गंभीर मामले दर्ज हैं।
— जानलेवा हमले का आरोप: तेजरासर निवासी बलराम जाखड़ के घर में घुसकर गाड़ी तोड़ने, जान से मारने की नीयत से कैम्पर चढ़ाने और लूटपाट का आरोप।
— कैम्पर गाड़ी बरामद: सीआई कविता पूनिया की टीम ने आरोपी को दबोचकर वारदात में इस्तेमाल कैम्पर गाड़ी जब्त की।
बीकानेर/नापासर, 01 अगस्त। बीकानेर की नापासर थाना पुलिस ने संगीन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में काफी समय से फरार चल रहे नापासर थाने के हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप गाट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैम्पर गाड़ी भी जब्त कर ली है।
घर में घुसकर हमला करने और गाड़ी चढ़ाने का था मामला
नापासर के तेजरासर निवासी बलराम जाखड़ ने 14 मई को मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि 12 मई की रात आरोपी रामस्वरूप गाट अपने साथियों के साथ कैम्पर गाड़ी लेकर आया। उसने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर खड़ी पिक-अप को टक्कर मारी और परिवादी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की।
इसके कुछ देर बाद आरोपी 18-20 अन्य लोगों को साथ लेकर दो कैम्पर गाड़ियों में वापस आया और परिवादी व उसके साले पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे पहले 9 मई को आरोपियों ने परिवादी के छोटे भाई और उसके दोस्त के साथ मारपीट कर मोबाइल और ₹2,000 नकद भी छीन लिए थे।
बीकानेर के थानों में 16 मुकदमे दर्ज
एसपी मृदुल कच्छावा, एएसपी चक्रवर्ती सिंह और सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया (सीआई) के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई।
टीम ने नापासर थाने के Top-10 अपराधियों में शामिल रामस्वरूप गाट उम्र 25 वर्ष, निवासी— तेजरासर, नापासर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्षेत्र में कैम्पर गाड़ी से दहशत फैलाता था और लोगों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करता था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पूनिया (सीआई), एएसआई कविंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल जयवीर सिंह, कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल गोरखाराम, कांस्टेबल सीताराम और कांस्टेबल रामदयाल शामिल रहे।

0 Comments