Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: फर्जी फर्टिलाइजर साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश; 1 करोड़ की ठगी का मुख्य सरगना विक्रम सिंह गिरफ्तार

India-1stNews



​— नोखा पुलिस की कुरुक्षेत्र में बड़ी स्ट्राइक: फर्जी खाद-कीटनाशक फर्में बनाकर देशभर में डीलरशिप का झांसा देने वाला मुख्य आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार।

1 करोड़ से अधिक की ठगी कबूली: राजस्थान, हरियाणा, एमपी और छत्तीसगढ़ में फैला रखा था ठगी का जाल; हनुमानगढ़ में 7 लाख की सुपर डीलरशिप ठगी भी कबूली।

फर्जी कंपनियों का खेल: गुजरात केमिकल एंड फर्टिलाइजर जैसी नामी कंपनियों से मिलती-जुलती 3 फर्में बनाकर जीएम भर्ती किए और दुकानदारों को बनाया शिकार।

नोखा के व्यापारी से 15.76 लाख हड़पे: मनीता पेस्टिसाइड्स के मालिक को डिस्ट्रीब्यूटरशिप और माल भेजने का झांसा देकर ऐंठे थे रुपये।

बीकानेर पुलिस का विशेष अभियान: आईजी ओमप्रकाश व एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर एसआई कुशलाराम, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल विश्नोई की टीम ने की कार्रवाई।

बीकानेर/नोखा, 26 जुलाई (रविवार)। फर्टिलाइजर और कीटनाशक कंपनियों के नाम पर देश भर में फर्जी डीलरशिप का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना को बीकानेर की नोखा थाना पुलिस ने कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी फर्जी फर्में बनाकर और जीएम स्तर के कर्मचारी भर्ती कर राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के खाद-बीज व्यापारियों को अपना शिकार बनाता था।

नोखा के व्यापारी से ऐंठे थे 15.76 लाख रुपये

​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि परिवादी प्रेमचंद (मालिक— मनीता पेस्टिसाइड्स, नोखा) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 5 जुलाई 2025 को रोहिताश कुमार नामक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया। उसने खुद को 'गुजरात केमिकल एवं फर्टिलाइजर कंपनी' (कुरुक्षेत्र) का एरिया सेल्स मैनेजर और महेंद्र बागड़िया को डिप्टी रीजनल मैनेजर बताया।

​आरोपी ने पुणे में फैक्ट्री होने का झांसा देकर डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर ₹25,000 सिक्योरिटी मनी और पेस्टिसाइड्स माल के एडवांस के रूप में कुल 15 लाख 76 हजार रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा करवा लिए। इसके बाद न तो माल की डिलीवरी दी गई और न ही पैसे लौटाए गए।

तीन फर्जी फर्में बनाईं, 1 करोड़ की साइबर ठगी स्वीकारी

​नोखा थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने कुरुक्षेत्र, कैथल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी विक्रम सिंह उर्फ संजय (46 वर्ष, निवासी— सोना अर्जुनपुर, थाना नानौता, जिला सहारनपुर उ.प्र. हाल किराएदार सेक्टर-07, कुरुक्षेत्र) को कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

​पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि व्यापार में घाटा होने के बाद उसने ठगी का रास्ता चुना। उसने तीन फर्जी फर्में बनाईं:

  1. गुजरात केमिकल एंड फर्टिलाइजर
  2. यूनाइटेड एग्रो सीड्स एंड फर्टिलाइजर्स
  3. सरस्वती एग्रो फर्टिलाइजर

​इन फर्मों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन फर्टिलाइजर ग्रुप्स पर जीएम (GM) के पदों पर भर्तियां कीं। इन कर्मचारियों के मार्फत देश भर के खाद-बीज दुकानदारों को डीलरशिप का झांसा देकर एडवांस राशि खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी। पैसे मिलते ही आरोपी चेक से विड्रॉल कर फोन बंद कर लेता और ठिकाना बदल देता था। आरोपी ने अब तक 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी और हनुमानगढ़ में सुपर डीलरशिप के नाम पर 7 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।

सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

​बीकानेर Range IG ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, एएसपी (ग्रामीण) बनवारी लाल, सीओ नोखा जरनैल सिंह और नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के सुपरविजन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम में उप निरीक्षक कुशलाराम, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल विश्नोई शामिल रहे। आरोपी से गहन अनुसंधान जारी है।

Post a Comment

0 Comments