— अवैध हथियार के साथ गिरफ्तारी: खाजूवाला थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 188 दिनांक 18.08.2026 (धारा 3/25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय कुमार को एक अवैध देशी पिस्तोल और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (RJ 07 NS 3038) सहित गिरफ्तार किया है।
— मुखबिर की सूचना पर दबिश: थानाधिकारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना संकलन के आधार पर खाजूवाला से बीकानेर जाने वाली सड़क पर बंद राठी फैक्ट्री के पास दबिश देकर आरोपी को दबोचा।
— गहन अनुसंधान जारी: गिरफ्तार आरोपी से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लायर के संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर: रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा और वृत्ताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में खाजूवाला थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को अवैध पिस्तोल के साथ गिरफ्तार किया है।
खाजूवाला थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक अशोक बिश्नोई की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार बेचने की फिराक में घूम रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खाजूवाला से बीकानेर रोड पर स्थित बंद राठी फैक्ट्री के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध गतिविधि वाले युवक को धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान वार्ड नंबर 23, खाजूवाला निवासी अक्सी कुमार (अक्षय कुमार) पुत्र देवानंद (जाति मेघवाल, उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तोल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर RJ 07 NS 3038 को जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और किसे बेचने की फिराक में था।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी अशोक बिश्नोई, उप निरीक्षक कोहर सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्रवण राम, कांस्टेबल बजरंग यादव, कांस्टेबल विक्रम पाल और कांस्टेबल प्रेम कुमार शामिल रहे।

0 Comments