— भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद: पुलिस ने विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत कार्रवाई करते हुए 145 ग्राम शुद्ध हेरोइन (स्मैक) और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (RJ 50 CA 3037) को किया जब्त।
— अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत: जप्त की गई हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
— गिरफ्तार आरोपी: पुलिस ने नोखा के रोड़ा गांव निवासी तीन शातिर तस्करों—श्रवणराम, लक्ष्मणराम और श्रीराम भादु को दबोचा है।
बीकानेर, 20 अगस्त। बीकानेर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नोखा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 7 लाख रुपये कीमत की 145 ग्राम हेरोइन और अवैध तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को जब्त किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे गहन पूछताछ जारी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
युवाओं को नशे की दलदल से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार लगातार दबिश दी जा रही है। इसी कड़ी में नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट कार (RJ 50 CA 3037) को पकड़ा।
तलाशी के दौरान कार से 145 ग्राम शुद्ध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई, जिसे पुलिस ने वाहन सहित जब्त कर लिया। इस प्रकरण में आगे का अनुसंधान जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी द्वारा किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपीगण
पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सभी नोखा थाना क्षेत्र के रोड़ा गांव के रहने वाले हैं। इनमें श्रवणराम पुत्र सीताराम विश्नोई (उम्र 27 साल), लक्ष्मणराम पुत्र मनरुप उर्फ मनीराम विश्नोई (उम्र 22 साल), और श्रीराम भादु पुत्र मनरुप उर्फ मनीराम विश्नोई (उम्र 28 साल) शामिल हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह हेरोइन कहां से लेकर आए थे और बीकानेर क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई करने वाले थे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में गोविन्दसिंह चारण , हरिराम, दीपक यादव (साईबर सैल), गणेश गुर्जर, तेजाराम, जेठुसिंह, जयप्रकाश, महेन्द्रसिंह, देवेन्द्र (डीएसटी टीम) तथा सुनिल शामिल रहे।

0 Comments