— संयुक्त टीम की बड़ी सफलता: सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का लैपटॉप बैग चुराने वाले शातिर आरोपी को करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर धर दबोचा।
— गजब का इत्तेफाक: सबसे खास बात यह रही कि आरोपी ठीक 16 दिन बाद उसी ट्रेन (जम्मूतवी एक्सप्रेस) में दोबारा सफर कर रहा था, जहां उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
— चलती ट्रेन में दबोचा: पुलिस टीम ने 18 अगस्त की रात लूणकरणसर-बीकानेर के बीच चलती ट्रेन में घेराबंदी कर आरोपी को दस्तयाब किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
— पहचान और बरामदगी: पकड़ा गया आरोपी रामू पुत्र बब्बू (निवासी गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर, पंजाब) है। पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया है।
बीकानेर। बीकानेर और नोखा क्षेत्र में ट्रेनों में होने वाली चोरियों के खिलाफ रेलवे पुलिस ने एक मिसाल कायम करते हुए 16 दिन पुरानी चोरी की वारदात का बड़ा खुलासा किया है। जीआरपी थाना मेड़ता रोड में दर्ज मामले (एफआईआर संख्या 0096/2026) के तहत पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी को आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
ट्रेन में सफर कर रही परिवादिया निकिता मीणा ने ट्रेन संख्या 14804 (जम्मूतवी एक्सप्रेस) में अपना लैपटॉप बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम ने जांच शुरू की और नोखा, देशकोक, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा और फिरोजपुर समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों की मैपिंग की।
जांच में सामने आया कि आरोपी 2 अगस्त को फिरोजपुर कैंट से ट्रेन के ए-1 कोच में सीट नंबर 41 पर सवार हुआ था। नोखा स्टेशन पर ठहराव के दौरान उसने ए-1 कोच की सीट नंबर 39 के नीचे रखा लैपटॉप बैग चुरा लिया। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन से बीकानेर पहुंचा और थ्री-व्हीलर व बस के जरिए हनुमानगढ़ की ओर फरार हो गया था। लगातार फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान रामू पुत्र बब्बू, निवासी गुरुहरसहाय (फिरोजपुर, पंजाब) के रूप में हुई।
उसी ट्रेन में दोबारा सफर करते धरा गया चोर
पुलिस लगातार उसकी टोह ले रही थी कि इसी बीच 18 अगस्त की रात पुलिस टीम को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी एक बार फिर उसी जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने लूणकरणसर और बीकानेर के बीच रात करीब ढाई बजे चलती ट्रेन में घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
हुलिया का मिलान करने और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने नोखा स्टेशन पर लैपटॉप बैग चोरी करने की बात कबूल कर ली। इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने में सीआईबी जोधपुर, आरपीएफ आउटपोस्ट नागौर और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए आगे की पूछताछ कर रही है।

0 Comments