— ऑपरेशन नीलकंठ में बड़ी सफलता: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सदर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाया संयुक्त अभियान।
— 16.49 ग्राम एमडीएमए जब्त: भुट्टों का बास निवासी सोफिन खान उर्फ पिचका के कब्जे से बरामद हुआ खतरनाक सिंथेटिक नशा।
— थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के सुपरविजन में कार्रवाई: एएसआई महेंद्र सिंह की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर दबिश देकर दबोचा।
— एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज: नशा कहां से खरीदा गया और किसे बेचा जाना था, इस संबंध में पुलिस आरोपी से कर रही है गहन पूछताछ।
बीकानेर, 11 अगस्त। बीकानेर शहर में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत सदर थाना पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16.49 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MDMA (एमडीएमए) जब्त किया है।
ANTF की गुप्त सूचना पर भुट्टों का बास में दबिश
बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ व सीओ सदर शालिनी बजाज के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी।
ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) से मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह मय पुलिस टीम ने मेजर पूर्ण सिंह डेरे के पीछे भुट्टों का बास क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने मौके से संदिग्धावस्था में घूम रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 16.49 ग्राम अवैध एमडीएमए (सिटो/ड्रग्स) बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, खरीद-फरोख्त पर पूछताछ जारी
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी सोफिन खान उर्फ पिचका (24 वर्ष, पुत्र अली खान, निवासी— मेजर पूर्ण सिंह डेरे के पीछे, भुट्टों का बास, थाना सदर, बीकानेर) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सदर पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह सिंथेटिक ड्रग्स कहां से सप्लाई करवा रहा था और बीकानेर शहर में किन-किन युवाओं को बेचने की फिराक में था। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र पचार, सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल मुन्नीराम तथा कांस्टेबल रामस्वरूप व सुशील कुमार शामिल रहे।

0 Comments