बीकानेर। शहर में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली नकबजन गैंग का गंगाशहर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य दिन में शहर में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में चिन्हित मकानों में घुसकर इलेक्ट्रॉनिक कटर से ताले, दरवाजे और अलमारियां काटकर सोना, चांदी और नकदी चोरी करते थे।
11 वारदातें करना स्वीकार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में जगदीश लखेसर और अनिल शर्मा ने अपने साथी राहुल नायक के साथ मिलकर गंगाशहर और जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में करीब 11 नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के आधार पर गंगाशहर और जय नारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में करीब 11 नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है। मामले में अब तक 150 ग्राम सोना और 1000 ग्राम चांदी बरामद की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक राहुल नायक तथा चोरी का माल खरीदने वाले संजय सोनी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
दिन में रेकी, रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर से वारदात
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी दिन के समय बीकानेर शहर में घूमकर ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जिन पर ताले लगे होते थे। मकान को चिन्हित करने के बाद रात में वहां पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से मुख्य गेट के ताले, दरवाजे और अलमारियां काटते थे। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए जेवरों की पहचान छिपाने के लिए उन्हें सुनार के माध्यम से गलवाकर नया स्वरूप दिया जाता था। इसी कड़ी में चोरी के सोने का स्वरूप बदलने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
23 अप्रैल को चौधरी कॉलोनी में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को पुनिया चौक, चौधरी कॉलोनी, गंगाशहर निवासी रामकुमार विश्नोई ने गंगाशहर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार रामकुमार परिवार सहित शहर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर के मुख्य गेट का ताला कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और सोना, चांदी तथा नकदी चोरी कर ली।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की। विशेष टीम ने लगातार सूचना जुटाने के साथ तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीश कुमार लखेसर, अनिल शर्मा उर्फ अनिल महाराज और विकास सोनी उर्फ मोनू उर्फ युवराज सोनी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश कुमार लखेसर (29) पुत्र कानीराम, निवासी पाबूजी मंदिर के पास, थाना गंगाशहर; अनिल शर्मा उर्फ अनिल महाराज (37) पुत्र आशाराम, निवासी कुम्हारों का मोहल्ला, थाना गंगाशहर; तथा विकास सोनी उर्फ मोनू उर्फ युवराज सोनी (37) पुत्र सुभाषचंद्र, निवासी नई आबादी बड़ी पोड़ी, थाना गंगाशहर, बीकानेर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार जगदीश लखेसर और अनिल शर्मा ने अपने साथी राहुल नायक के साथ मिलकर गंगाशहर और जेएनवी कॉलोनी क्षेत्र में करीब 11 नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है। वहीं राहुल नायक निवासी भीनासर तथा चोरी का माल खरीदने वाले संजय सोनी निवासी गंगाशहर को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। बरामद किए गए 150 ग्राम सोने और 1 किलो चांदी के संबंध में भी जांच की जा रही है तथा पुलिस को अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस पूरे ऑपरेशन को गंगाशहर थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक हेतराम छींपा, एएसआई अशोक सांदू, एएसआई शिवकुमार (आईजीपी कार्यालय), हेड कांस्टेबल रामनिवास, हेड कांस्टेबल हेतराम (कोटगेट थाना), कांस्टेबल संजय कुमार, रमेश कुमार, रघुवीरदान और मुखराम शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल सीताराम की विशेष भूमिका रही।

0 Comments