— घटना का विवरण: बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद दो दर्जन से अधिक युवकों द्वारा घरों के बाहर गाड़ियों में तोड़फोड़ करने और अगले दिन प्रेम चांगरा का ऑफिस से अपहरण कर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
— गंभीर चोटें और प्रताड़ना: परिजनों के अनुसार आरोपियों ने लोहे के पाइप से हमला कर सिर और शरीर पर गंभीर वार किए, जिससे सिर में 18 टांके आए; इसके बाद उसे वल्लभ गार्डन के पीछे धोरों में छोड़ दिया गया।
— पुलिस कार्रवाई: पीड़ित पक्ष द्वारा एसपी से मुलाकात के बाद जेएनवीसी थाने में एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
बीकानेर: शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मामूली विवाद के चलते उपजे तनाव के बाद एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ लोहे के पाइपों से मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में भारी रोष और दहशत का माहौल है।
गाड़ी रोकने पर हुआ था विवाद, बाद में की तोड़फोड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद 25 सितंबर की रात को शुरू हुआ जब मोहल्ले में कुछ युवक तेज गति से गाड़ी लेकर घूम रहे थे। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बात बढ़ गई। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद करीब दो दर्जन से अधिक युवक हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में आ धमके और घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की।
कार्यालय से किया अपहरण, वल्लभ गार्डन के पास फेंका
अगले दिन आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेम चांगरा को उसके ऑफिस से जबरन एक वाहन में बैठा लिया और उसका अपहरण कर ले गए। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सूने स्थान पर ले जाकर उसके सिर और शरीर पर लोहे के पाइपों से ताबड़तोड़ वार किए। इस निर्मम मारपीट में प्रेम चांगरा के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते डॉक्टरों को 18 टांके लगाने पड़े। मारपीट के बाद आरोपी उसे वल्लभ गार्डन के पीछे धोरों में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप है। बंटी चांगरा ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और बताया कि वारदात में शामिल अधिकांश युवक नशीली गतिविधियों से जुड़े हैं जो आए दिन क्षेत्र में उत्पात मचाते हैं। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

0 Comments