— अनोखी चोरी की वारदात: बीकानेर के नाल थाना क्षेत्र में चोरों ने गोचर भूमि से लाखों रुपये के पशुधन पर हाथ साफ कर दिया; परिवादी हंसराज गोदारा की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
— दो आरोपी गिरफ्तार: नाल थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रामनिवास उर्फ सुनील (24) और रामदेव (33) को गिरफ्तार कर लिया है।
— बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत की 7 चोरीशुदा भैंसें और पशुओं के परिवहन में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी को बरामद कर लिया है।
बीकानेर। जिले में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी नाल थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। यहाँ चोरों ने किसी घर, दुकान या गोदाम को नहीं, बल्कि खुले गोचर से सीधे पशुधन को ही अपना निशाना बना लिया। पुलिस ने इस अनूठी चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत की 7 भैंसें बरामद की गई हैं। पशुओं के परिवहन में इस्तेमाल की गई पिकअप भी जब्त की गई है।
गोचर में पहुंचे तो गायब मिले पशु
मामला 15 सितंबर का बताया जा रहा है। परिवादी हंसराज गोदारा के अनुसार वह गोचर भूमि में अपनी भैंसों और पाड़ियों को चराने व संभालने के लिए पहुंचा था। वहां एक भैंस, एक पाड़ी और एक पाड़ा गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी पशुओं का पता नहीं चला।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि इससे पहले 27 अगस्त को भी उसकी एक भैंस गायब हुई थी। इसके अलावा गांव के अन्य लोगों के पशु भी गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पशु चोरी की रिपोर्ट पुलिस को दी गई।
जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
16 सितंबर को रिपोर्ट मिलने के बाद नाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुए जांच आगे बढ़ाई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने रामनिवास उर्फ सुनील (24) पुत्र भागीरथ, निवासी रामसर, थाना नापासर तथा रामदेव (33) पुत्र मोहनलाल, निवासी रामसर, हाल बजरंग धोरा, बीकानेर को गिरफ्तार किया।
7 भैंसें बरामद, पिकअप जब्त
पुलिस के अनुसार पूछताछ एवं जांच के दौरान चोरी की 7 भैंसें बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पशुओं को ले जाने के लिए इस्तेमाल की गई पिकअप को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि पशु चोरी की इससे पहले कितनी वारदातें हुई हैं और चोरी किए गए पशुओं को कहां ले जाया जाता था।
इनकी टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में सहायक उपनिरीक्षक सुभाषचंद, मैनपाल व सहीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश तथा कांस्टेबल पवन कुमार, सुनील और गजानंद शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

0 Comments