Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: दो अलग-अलग सड़क हादसे, दो युवकों की मौत; दो घायल

India-1stNews



​— देशनोक एनएच-62 हादसा: नेशनल हाईवे 62 पर करणी केमिकल फैक्ट्री के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

— शेरपुरा सड़क हादसा: महाजन-सरदारशहर मार्ग पर शेरपुरा के पास निजी बस और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में 21 वर्षीय बाइक सवार जगदीश की मोर्चरी पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

— प्रशासनिक व पुलिस कार्रवाई: दोनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को संबंधित अस्पतालों की मोर्चरी में रखवाया है और अज्ञात वाहन व बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बीकानेर/देशनोक। रविवार को जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पहला हादसा देशनोक के पास एनएच-62 पर करणी केमिकल फैक्ट्री के नजदीक हुआ, वहीं दूसरा हादसा महाजन-सरदारशहर संपर्क सड़क पर शेरपुरा के पास हुआ।

एनएच-62 पर अज्ञात वाहन की टक्कर, एक की मौत

देशनोक से करीब एक किलोमीटर दूर एनएच-62 पर करणी केमिकल फैक्ट्री के पास रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार शीतला गेट निवासी बाबू (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं यासीन (42) और सुल्तान (31) गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद दो युवक सड़क किनारे जा गिरे, जबकि एक युवक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक बाबू का शव देशनोक सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। देशनोक नगरपालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मूंदड़ा भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों के अनुसार देशनोक से करीब एक किलोमीटर दूर इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों की बात भी सामने आती रही है।



शेरपुरा के पास बस-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत

दूसरा हादसा महाजन-सरदारशहर संपर्क सड़क पर शेरपुरा और ढाणी छिल्ला के बीच रविवार शाम हुआ। यहां निजी बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 21 वर्षीय जगदीश पुत्र भगवानदास, निवासी शेरपुरा, की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि जगदीश बाइक से गांव से सूंई की तरफ अपने खेत जा रहा था। इसी दौरान शेरपुरा से करीब चार किलोमीटर आगे भारतमाला सड़क के अंडरब्रिज के पास सामने से आ रही निजी बस से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जगदीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement